
Eid e Milad Procession:बेंगलुरु के बासवनगुडी इलाके में बुधवार को ईद-ए-मिलाद के जुलूस के दौरान अचानक दो गुटों के बीच झड़प हो गई। केआर रोड पर हुई कहासुनी और धक्का-मुक्की से वहां तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। बासवनगुडी थाना पुलिस ने मामले में 3 अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज की हैं और कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुमारस्वामी लेआउट से निकला ईद-ए-मिलाद का जुलूस बनशंकरी थाना क्षेत्र से होते हुए बासवनगुडी के केआर रोड पहुंचा था। उसी समय 'राष्ट्र रक्षणा पाडे' संगठन के पुनीत केरेहल्ली अपने कुछ साथियों के साथ भगवा झंडे लेकर वहां पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। आरोप है कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने जुलूस में शामिल लोगों को रोकने और नारेबाजी बंद कराने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
मामले को बढ़ता देख जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो माहौल और बिगड़ गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवकों ने मुरली नाम के एक स्थानीय व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी। घायल मुरली को तुरंत इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के विरोध में पुनीत केरेहल्ली और उनके समर्थकों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यातायात बाधित होने और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने केरेहल्ली को हिरासत में ले लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बासवनगुडी थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर तीन मामले दर्ज किए हैं। पहली FIR मअब्दुल रजाक खान की शिकायत पर दर्ज की गई, जिसमें पुनीत केरेहल्ली (35) और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया। और दूसरी FIR पुनीत केरेहल्ली की शिकायत पर दर्ज हुई, जिसके आधार पर दूसरी तरफ के तीन युवकों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। वहीं तीसरी FIR बासवनगुडी ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल मंजूनाथ की शिकायत पर सड़क जाम करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में दर्ज की गई।
फिलहाल बासवनगुडी इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।