
Bengaluru Man 2 Lakh Salary Viral Post: बेंगलुरु के एक 26 वर्षीय युवक की रेडिट पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। युवक ने दावा किया कि वह हर महीने 2 लाख रुपये कमाता है। उस पर कोई कर्ज नहीं है और नियमित निवेश भी करता है, लेकिन इसके बावजूद वह खुद को आर्थिक रूप से 'गरीब' महसूस करता है। उसने लिखा कि बचपन की आर्थिक तंगी और भविष्य की बड़ी जिम्मेदारियों के कारण वह आज भी पैसों को लेकर तनाव में रहता है। उसकी पोस्ट पर कई यूजर्स ने सलाह देते हुए कहा कि आर्थिक सफलता के साथ मानसिक संतुष्टि भी उतनी ही जरूरी है।
युवक ने बताया कि उसका परिवार लंबे समय तक आर्थिक तंगी से जूझता रहा। उसके अनुसार, जब तक वह 21 साल का नहीं हुआ था, तब तक परिवार की मासिक आय 6-7 हजार रुपये से अधिक नहीं थी। नौकरी मिलने के बाद उसने अपने माता-पिता को काम छोड़ने के लिए कहा और उन्हें अपने गृह नगर में 2BHK घर में शिफ्ट कराया। वहीं, वह खुद बेंगलुरु में किराए के मकान में रहता है।
पोस्ट में युवक ने अपनी वित्तीय योजना का भी जिक्र किया। उसने बताया कि वह हर महीने 30 हजार रुपये म्यूचुअल फंड में निवेश करता है। इसके अलावा 10 हजार रुपये फिक्स्ड या रिकरिंग डिपॉजिट में और 10 हजार गोल्ड चिट में जमा करता है। वह हर महीने 15-20 हजार रुपये अपने माता-पिता को भी भेजता है और उनका स्वास्थ्य बीमा भी भरता है।
युवक ने लिखा कि शादी, कार और जमीन खरीदने जैसे बड़े खर्चों को लेकर वह लगातार सोचता रहता है। उसका कहना है कि उसके पास पैसे तो हैं, लेकिन सभी जरूरतें एक साथ पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसी वजह से उसे कभी आर्थिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित या अमीर होने का एहसास नहीं होता।
युवक की पोस्ट पर कई Reddit यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने कहा कि वह अपनी उपलब्धियों पर गर्व करे और जरूरत से ज्यादा चिंता न करे। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे "सैंडविच जेनरेशन" की स्थिति बताया, जहां अच्छी आय होने के बावजूद परिवार की जिम्मेदारियों और भविष्य के लिए संपत्ति बनाने की चिंता लोगों को मानसिक दबाव में रखती है। कई लोगों ने उसे धैर्य रखने, संतुलित निवेश जारी रखने और अपनी उपलब्धियों का आनंद लेने की सलाह दी।