राष्ट्रीय

भगवंत मान की पत्नी पर लगे आरोपों से सियासी घमासान, BJP ने मांगा CM का इस्तीफा

5 Crore Allegation CM Bhagwant Mann Wife: भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर पर गंभीर आरोपों के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है।
2 min read
Aug 23, 2026
cm bhagwant maan
मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर (इमेज सोर्स: Prajavani एक्स यूजर स्क्रीनशॉट)

BJP Demands Resignation CM Bhagwant Mann: पंजाब की राजनीति में एक नए विवाद ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी गुरप्रीत कौर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। विपक्ष का कहना है कि एक यौन शोषण केस को दबाने के लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये मांगे। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। गुरप्रीत कौर ने आरोपों को गलत बताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की है। वहीं, मामले को लेकर BJP और दूसरी विपक्षी पार्टियां मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही हैं।

NHRC के नोटिस के बाद बढ़ा विवाद

मामला तब ज्यादा गंभीर हो गया, जब ‘नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन’ यानी NHRC ने पंजाब सरकार और पुलिस के आला अधिकारियों को नोटिस भेजा। आयोग ने मामले की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।

NHRC की कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर हुई। शिकायत में दावा किया गया कि एक रिटायर्ड जज ने सार्वजनिक तौर पर 5 करोड़ रुपये मांगने की बात कही थी। यह रकम कथित तौर पर एक यौन शोषण केस को दबाने के लिए मांगे जाने का आरोप है।

NHRC सदस्य प्रियांक कानूनगो ने मामले में पंजाब के चीफ सेक्रेटरी और DGP से रिपोर्ट मांगी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के महिला सुरक्षा डिवीजन को भी मामले की जानकारी दी गई है।

BJP और विपक्ष ने मांगा भगवंत मान का इस्तीफा

NHRC के नोटिस के बाद BJP भी खुलकर मैदान में आ गई है। BJP नेता इकबाल सिंह लालपुरा ने आरोपों को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि मामले में स्वतंत्र जांच जरूरी है।

वहीं शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस के नेताओं ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफा देने की मांग की है। पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि मुख्यमंत्री को पूरे मामले पर सफाई देनी चाहिए। विपक्ष का कहना है कि इतने गंभीर आरोपों के बीच सरकार को जवाब देना चाहिए। मामले ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

AAP ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। AAP महिला विंग की चीफ अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि आरोप बेबुनियाद हैं।

उन्होंने बताया कि गुरप्रीत कौर ने आरोप लगाने वाले पूर्व जज रंजीत सिंह को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में कथित आरोपों पर 24 घंटे के भीतर माफी मांगने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। AAP ने पूरे विवाद के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि विपक्ष राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।

अब सबकी नजर NHRC की जांच और पंजाब सरकार की रिपोर्ट पर है। जांच से ही साफ होगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है। फिलहाल, इस मुद्दे ने पंजाब की सियासत को जरूर गरमा दिया है।

Updated on:
23 Aug 2026 01:29 pm
Published on:
23 Aug 2026 01:29 pm