
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन में सीटों को लेकर खींचतान चल रही है। इसी बीच कांग्रेस पर्यवेक्षक अशोक गहलोत बुधवार सुबह पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव से उनके आवास पर करीब एक घंटे तक मुलाकात की। मुलाकात के बाद गहलोत ने मीडिया से कहा- हमारी अच्छी चर्चा हुई। कल प्रेस कॉन्फ्रेंस है। कल हर भ्रम दूर हो जाएगा।
इस दौरान उन्होंने महागठबंधन के घटक दलों के बीच मतभेद पर भी प्रतिक्रिया दी। अशोक गहलोत ने कहा कि महागठबंधन मिलकर चुनाव लड़ रहा है। बिहार में 243 विधानसभा सीटें है और करीब 5-10 सीटों पर फ्रेंडली मुकाबला हो सकता है।
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने स्पष्ट किया कि बिहार में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव मिलकर चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि हम मिलकर प्रचार करेंगे और चुनाव जीतेंगे।
इससे पहले सीट बंटवारे पर कांग्रेस नेता गहलोत ने कहा- तमाम काम बहुत अच्छे से चल रहे हैं। एक दो दिन में जो भी भ्रम है वो स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने कई सीटों पर फ्रेंडली मुकाबले पर कहा- लोकल परिस्थितियां होती हैं, फ्रेंडली फाइट मानी जाती है। इसे बहुत बड़े रूप में नहीं देखना चाहिए।"
अशोक गहलोत के अलावा बिहार के लिए AICC प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने भी लालू और तेजस्वी यादव से बुधवार को मुलाकात की। राजद नेताओं से मुलाकात के बाद अल्लावरु ने कहा- हमने आगे की रणनीतियों और सरकार बनने के बाद राज्य के लोगों के लिए कैसे काम कर सकते हैं, इस पर चर्चा की। कल हर विवरण दिया जाएगा। NDA को जवाब देना चाहिए कि उन्होंने पिछले 5 वर्षों में क्या किया है।
वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने महागठबंधन में किसी भी तरह के विवाद नहीं होने की बात कही है। साथ ही उन्होंने कहा कि कल सबको जवाब मिल जाएगा। बता दें कि गुरुवार को महागठबंधन की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है।