Bihar Election 2025: बीजेपी ने 71 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में दोनों डिप्टी सीएम समेत कई विधायकों को टिकट दिया है। वहीं कई मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है।
Bihar BJP Candidate List: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में 71 प्रत्याशियों के नाम है। पार्टी ने दोनों डिप्टी सीएम समेत कई मंत्रियों को टिकट दिया है। इसके अलावा विधायकों को उनकी पारंपरागत विधानसभा सीट से टिकट दिया है। वहीं कुछ नए चेहरों को भी मौका दिया है। वहीं कई विधायकों का भी टिकट कटा है।
बीजेपी ने विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काट दिया है। यादव सात बार के विधायक रहे हैं। इसके अलावा कुमरहार से अरुण सिंह, रिगा से मंत्री मोतीलाल प्रसाद, कटोरिया से निक्की हेंब्रम, राजनगर से रामप्रीत पासवान, नरपतगंज से जयप्रकाश यादव, सीतामढ़ी से मिथिलेश कुमार और औराई से रामसूरत राय का टिकट काटा है।
बीजेपी की पहली सूची में 9 महिला प्रत्याशियों का नाम है। पार्टी ने बेतिया से रेणु देवी, परेहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से देवंती यादव, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद, वारसलीगंज से अरुणा देवी और जमुई से श्रेयसी सिंह को टिकट दिया है।
बता दें कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को तारापुर और विजय सिन्हा को लखीसराय से टिकट दिया है। वहीं सीवान से मंगल पांडेय, हाजीपुर से अवधेश सिंह, बेगूसराय से कुंदन कुमार, मुंगेर से कुमार प्रणय को प्रत्याशी बनाया है।
बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, उमनें से पहली सूची में 71 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए। बता दें कि रविवार को एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने सीट बंटवारे के फार्मूले को अंतिम रूप दिया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी और जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उपेन्द्र कुशवाह की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) 6-6 सीटों पर लड़ेंगी।
243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के लिए 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा और चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें