राष्ट्रीय

Bihar Election 2025: दरभंगा से अमित शाह ने राजद-कांग्रेस पर साधा निशाना, घोटालों का किया जिक्र

Amit Shah News: दरभंगा में चुनावी रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजद-कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
2 min read
Oct 29, 2025
Feature image
दरभंगा में अमित शाह ने चुनावी रैली को संबोधित किया (Photo-IANS)

Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा 2025 के लिए राजनीतिक पार्टियों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा। साथ ही लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी हमला बोला। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि क्या लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी ने बिहार के विकास के लिए कुछ किया?

घोटालों का किया जिक्र

इस दौरान अमित शाह ने घोटालों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- चारा घोटाला, नौकरियों के लिए ज़मीन घोटाले में कौन शामिल था? 2004 से 2014 तक, कांग्रेस पार्टी 12 लाख करोड़ रुपये के घोटालों में शामिल थी। क्या इन भ्रष्ट नेताओं को सत्ता में लाया जाना चाहिए?

धारा 370 का भी किया जिक्र

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने धारा 370 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी, लालू एंड कंपनी धारा 370 को 70 साल से बचा कर बैठी थी। उन्होंने आगे कहा कि 5 अगस्त 2019 को पीएम नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। एक समय था जब भारत की भूमि को आतंकी लहूलुहान करके चले जाते थे। लेकिन हमने एक बार सर्जिकल स्ट्राइक की, दूसरी बार एयर स्ट्राइक की और तीसरी बार ऑपरेशन सिंदूर करके पाकिस्तान के घर में घुस कर सफाई की।

‘हमने 25 साल की मैथिली को दिया टिकट’

अमित शाह ने कहा कि हमने 25 साल की मैथिली ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। क्या ऐसा कभी राजद या कांग्रेस में हो सकता है? लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं।

‘मिथिला में देवी सीता के मंदिर की बारी’

रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- वर्षों तक भगवान राम एक तंबू में रहे। टीएमसी, समाजवादी पार्टी, किसी ने भी राम मंदिर नहीं बनने दिया। जब पीएम मोदी सत्ता में आए, तो उन्होंने राम मंदिर बनवाया। राम मंदिर बन गया है, अब मिथिला में देवी सीता के मंदिर के निर्माण की बारी है, उन्होंने जिन-जिन स्थानों का दौरा किया, उन सभी को राम सर्किट से जोड़ा जाएगा।

‘राजद ने बिहार को किया बदनाम’

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- राजद ने बिहार को न केवल देश में, बल्कि पूरी दुनिया में बदनाम किया। पूरे परिवार पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। एक पूर्व मुख्यमंत्री को वर्षों जेल में बिताने पड़े। क्या इससे हर बिहारी को शर्म नहीं आती? आप सभी को तय करना है कि आप 'विकसित बिहार' बनाना चाहते हैं या 'जंगलराज'। 

Updated on:
29 Oct 2025 02:43 pm
Published on:
29 Oct 2025 02:43 pm