
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी है। प्रदेश की 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। इसी बीच कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस सूची में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी समेत 40 नेताओं का नाम हैं। वहीं इस लिस्ट में अशोक गहलोत, केसी वेणुगोपाल और कन्हैया कुमार को भी शामिल किया गया है।
वहीं बिहार में राहुल गांधी कब से चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे इसको लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि अभी त्योहारों का समय चल रहा है। त्योहारों का मौसम खत्म होते ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी प्रदेश में सक्रिय हो जाएंगे।
बता दें कि बिहार में कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की लिस्ट भले की अभी जारी हुई हो, लेकिन पहले से ही कई नेता मौजूद है। प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत पहले ही मौजूद है। दरअसल, महागठबंधन के अन्य घटक दलों के साथ पार्टी के नेता तालमेल और बेहतर करने पर काम कर रहे हैं।
कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे पहले अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम है। इसके बाद सोनिया गांधी और राहुल का नाम है। इस सूची में प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अलका लांबा, कन्हैया कुमार, इमरान प्रतापगढ़ी, जीतू पटवारी, शकील अहमद खान और पप्पू यादव का भी नाम शामिल हैं।
वहीं बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने टिकट वितरण को लेकर उपजे असंतोष को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि इस समय हमारा ध्यान चुनाव लड़ने पर है। उन्होंने कहा- किसी भी चुनाव में, किसी भी पार्टी में और किसी भी राज्य में जब भी टिकट वितरण होता है तो कुछ असंतोष जरूर होता है। हमारे कुछ कार्यकर्ताओं की नाराजगी जायज है। इस मुद्दे को हम पार्टी के स्तर पर सुलझा लेंगे।
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। 14 नवंबर को मतगणना होगी। इस बार एनडीए-महागठबंधन के अलावा तेज प्रताप और प्रशांत किशोर की पार्टी भी चुनाव लड़ रही है। वहीं आम आदमी पार्टी और AIMIM भी चुनावी मैदान में है।