
Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव 2025 के लिए एनडीए में सीट बंटवारा भले ही हो गया हो, लेकिन दलों के बीच खींचतान जारी है। बुधवार को नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 57 प्रत्याशियों के नाम हैं। इस लिस्ट के जारी होते ही नीतीश कुमार की चिराग पासवान को लेकर नाराजगी भी साफ दिखाई दे रही है। नीतीश कुमार ने चिराग पासवान के दावे वाली पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए इससे एनडीए के घटक दलों के बीच तकरार बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
जेडीयू की पहली सूची में चिराग पासवान की 5 सीटों पर उम्मीदवार उतारे है। ये सीट हैं- सोनबरसा, मोरवा, एकमा, राजगीर और गायघाट। पार्टी ने सोनबरसा से रत्नेश सादा, मोरवा से विद्यासागर सिंह निषाद, एकमा से धुमल सिंह, राजगीर से कौशल कुमार और गायघाट से कोमल सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
बता दें कि इससे पहले जीतन राम मांझी ने भी चिराग पासवान की दो सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही थी। मंगलवार को मांझी ने कहा था कि मैं बोधगया और मखदुमपुर से अपने प्रत्याशी उतारूंगा और सूची जारी है। पहले जीतन राम मांझी की बात और अब नीतीश कुमार ने चिराग पासवान की सीटों पर प्रत्याशी उतारकर साफ कर दिया कि एनडीए में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
जेदयू की पहली सूची में 18 विधायकों को रिपीट किया गया है, जबकि दो विधायकों का टिकट कटा है। वहीं पार्टी की पहली सूची में एक भी मुस्लिम को प्रत्याशी नहीं बनाया गया है।
बिहार चुनाव 2025 में नीतीश कुमार की पार्टी 101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं बीजेपी को भी 101 सीटें मिली है। इसके अलावा चिराग पासवान को 29, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को 6-6 सीटें मिली है। जदयू ने 101 सीटों में से 57 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए है।