राष्ट्रीय

‘दंगा, फसाद ना बवाल चाहिए, बिहार का सीएम चिराग चाहिये’, पटना में Chirag Paswan के समर्थन में लगे पोस्टर

Bihar Election: पटना में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के पोस्टर लगाए गए है। ये पोस्टर शेखपुरा के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष इमाम गजाली के द्वारा लगाया गया है।
2 min read
• •
Updated: 18 May 2025, 10:56 PM IST
Feature image
चिराग पासवान के समर्थन में लगे पोस्टर (फोटो सोर्स- X)

Chirag Paswan: बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चढ़ गया है। विधानसभा चुनाव को लेकर समर्थकों ने अपने नेताओं के समर्थन में पोस्टर लगाना भी शुरू कर दिया है। वहीं अब राजधानी पटना में केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के पोस्टर लगाए गए है। ये पोस्टर शेखपुरा के लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष इमाम गजाली के द्वारा लगाया गया है। जिसमें चिराग पासवान को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की गई है।

पोस्टर में लिखी ये बात

बता दें कि पोस्टर में चिराग पासवान की कई तस्वीरें लगाई गई हैं, जिनमें ताजपोशी की तस्वीर भी शामिल है। पोस्टर में लिखा है- बिहार कर रहा है ताजपोशी का इंतजार, चिराग के स्वागत को बिहार है तैयार। इसके साथ ही पोस्टर में लिखा- दंगा, फसाद ना बवाल चाहिए, बिहार का सीएम चिराग चाहिए। बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के नारे से साथ लिखा गया है, शेर का कलेजा लेकर ऊपर वाला भेजा है।

2020 में जदयू को हुआ था नुकसान

गौरतलब है कि वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान ने अपनी पार्टी की ओर से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के नेताओं के खिलाफ कई उम्मीदवार उतार दिए थे। उस दौरान नीतीश कुमार मुख्यमंत्री तो बन गए थे लेकिन चिराग पासवान जदयू के वोट काटने में सफल रहे। हालांकि इस बार विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान और नीतीश कुमार NDA गठबंधन का हिस्सा हैं।

बिहार में CM की वैकेंसी खाली नहीं- चिराग पासवान

हालांकि पटना में लगे पोस्टरों पर चिराग पासवान ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार में सीएम की कोई वैकेंसी नहीं है। विधानसभा चुनाव में एनडीए पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और नीतीश कुमार ही नेतृत्व करेंगे।

पोस्टरों के बाद बढ़ा सियासी पारा

बता दें कि इससे पहले चिराग पासवान ने बिहार की राजनीति में लौटने की बात कही थी लेकिन, मुख्यमंत्री बनने को लेकर कोई इच्छा नहीं जताई थी। उन्होंने नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही थी। हालांकि, उन तमाम गतिविधियों के बीच पार्टी की ओर से लगाए गए इस पोस्टर ने सियासी पारा बढ़ा दिया है।

Updated on:
18 May 2025, 10:56 PM IST
Published on: