35 ministers to take oath: पश्चिम बंगाल में कल मंत्रिमंडल विस्तार होगा। कुल 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।
West Bengal Cabinet expansion:पश्चिम बंगाल में मंत्रिमंडल विस्तार का ऐलान हो गया है। कल यानी सोमवार को 35 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। सीएम शुभेन्दु अधिकारी ने एक्स पर जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने X पर लिखा कि राज्य मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा और 35 नए मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सोमवार सुबह 11 बजे नबन्ना (राज्य सचिवालय) में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल आरएन रवि मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
9 मई को सीएम शुभेन्दु अधिकारी समेत 5 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। इसके बाद से मंत्रिमंडल विस्तार का मामला लटका हुआ था। कुछ दिनों पहले ही सीएम शुभेन्दु दिल्ली भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और पार्टी हाईकमान से मुलाकात की थी।
अब मंत्रिमंडल विस्तार के साथ भाजपा सरकार प्रशासनिक स्तर पर अपनी टीम को और मजबूत करने जा रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नए मंत्रियों को शामिल कर सरकार विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश करेगी। नबन्ना में होने वाला यह शपथ ग्रहण समारोह पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।