राष्ट्रीय

महिला मेयर पर आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल, CM विजय से पूछा- ‘क्या सिर्फ TVK की महिलाओं की ही इज्जत है?’

Chennai Mayor: चेन्नई की मेयर आर. प्रिया ने आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पुलिस से शिकायत की है। उन्होंने CM विजय से कार्रवाई में देरी और महिलाओं की गरिमा पर TVK के रुख को लेकर सवाल उठाए।
2 min read
• •
Oct 21, 2026
TVK
आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर चेन्नई की मेयर ने CM विजय पर उठाए सवाल (फोटो सोर्स- ANI)

CM Vijay: चेन्नई की मेयर आर. प्रिया ने सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाकर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय से सवाल किया कि औपचारिक शिकायत के बावजूद कथित ऑनलाइन दुर्व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई। प्रिया ने पूछा कि क्या सिर्फ TVK से जुड़ी महिलाओं की ही गरिमा है या दूसरी महिलाओं को भी सम्मान पाने का अधिकार है?

'आपत्तिजनक मजाक' का शिकार बनाया गया, मेयर का दर्द

अपनी शिकायत में मेयर आर. प्रिया ने कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई चीज पूरी तरह से अभद्र और यौन रूप से अपमानजनक है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा, ,क्या एक जनप्रतिनिधि और महिला होने के नाते मुझे इस तरह के आपत्तिजनक मजाक का शिकार बनाया जाना चाहिए? जब नीतियों या सिद्धांतों पर बहस की जा सकती है, तो महिलाओं को निशाना बनाना कहां तक जायज है?'
उन्होंने TVK नेतृत्व से सवाल किया कि क्या TVK की नजर में सिर्फ उनकी अपनी पार्टी से जुड़ी महिलाओं की ही गरिमा है? क्या दूसरी पार्टी या सार्वजनिक जीवन में मौजूद महिलाओं का कोई सम्मान नहीं होना चाहिए?

विजय की खामोशी और कार्रवाई न होने पर उठाए सवाल

मेयर प्रिया ने मुख्यमंत्री विजय से पूछा कि 'वर्चुअल वॉरियर्स' के नाम पर ऑनलाइन दुर्व्यवहार करने वाले लोगों को खुली छूट क्यों दी जा रही है? उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि पुलिस में औपचारिक शिकायत के बावजूद अब तक संबंधित ट्रोल्स के खिलाफ कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया गया है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले जब अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर विवादित टिप्पणी हुई थी, तब TVK ने उसकी कड़े शब्दों में निंदा की थी। विजय ने खुद 'अश्लीलता और नफरत की राजनीति' का विरोध करते हुए कहा था कि राजनीतिक मतभेद महिलाओं के चरित्र हनन का बहाना नहीं बनने चाहिए। ऐसे में मेयर ने याद दिलाया कि अब जब हमला किसी दूसरी महिला पर हुआ है, तो पार्टी का दोहरा रवैया क्यों दिख रहा है?

विवाद की पीछे की वजह क्या है?

इस पूरे विवाद के पीछे हाल ही में हुआ एक और राजनीतिक घटनाक्रम जुड़ा हुआ है। 7 अक्टूबर को DMK के एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी पार्षद सुधा दीनदयालन ने विजय के खिलाफ अपमानजनक बयान दिए थे। उस कार्यक्रम में सांसद कनिमोझी, पूर्व मंत्री सेकर बाबू और मेयर प्रिया मंच पर मौजूद थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में जब पार्षद टिप्पणी कर रही थी, तब मेयर प्रिया मुस्कुराती हुई दिखी। इसके बाद TVK के महासचिव आधव अर्जुन ने मेयर और अन्य नेताओं के रवैये की तीखी आलोचना की थी। हालांकि, DMK की ओर से एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम समाप्त होते ही कनिमोझी और सेकर बाबू ने उस पार्षद को फटकार लगाई थी।

Updated on:
21 Oct 2026 11:22 am
Published on:
21 Oct 2026 10:36 am