
Imran Khan Leave India Notice: बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद भारत छोड़ने का नोटिस जारी होने को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को अपने मुद्दों भूमिका निभाने का पूरा अधिकार है। वह हमेशा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों के समर्थक रहे हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि किसी गैर-भारतीय नागरिक का भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना उचित नहीं है।
चिराग पासवान ने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में ऐसे व्यक्ति की भागीदारी स्वीकार्य नहीं है, जो भारतीय नागरिक नहीं है। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि इन घटनाओं के पीछे विदेशी ताकतों की भूमिका होने की आशंका बढ़ रही है। ऐसे में भारत के आंतरिक मामलों में किसी विदेशी नागरिक का दखल देना अस्वीकार्य है।
पश्चिम बंगाल के चोरबागान में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना पर भी केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना पर दुख जताया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंडाल ढहने से कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं घटना की व्यापक समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और हादसे में जान गंवाने वालों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना भी की।
बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान को 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से जारी किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में शामिल होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
अमेरिकी नागरिकता और ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड रखने वाले इमरान खान ने इस नोटिस को चुनौती देते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। अभिनेता ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उन्हें बिना उचित सुनवाई का अवसर दिए नोटिस जारी किया गया और इसमें कार्रवाई के ठोस कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।