
Chittoor Murder Case : चित्तूर। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां भगवान के दर्शन करने का झांसा देकर एक महिला ने अपने ही पति की हत्या करवा दी। डिजिटल साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से पुलिस ने कुछ घंटों में इस साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले के सुलागिरी निवासी रमेश (23) होसुर की एक निजी कंपनी में काम करता था। करीब दो साल पहले उसकी शादी शांतिपुरम की हसिनी (19) से हुई थी। दोनों की एक छोटी बेटी भी है। रिश्तेदारों को तो यह शादी सामान्य लगती थी, लेकिन पुलिस की जांच में सामने आया कि हसिनी ने शादी के बाद भी अपने बचपन के दोस्त, 20 वर्षीय युगंधर के साथ संबंध बनाए रखा और दोनों ने मिलकर रमेश की हत्या करने की योजना बनाई।
पुलिस ने बताया कि वारदात के दिन मंगलवार को हसिनी ने साजिश के तहत रमेश को गुडुपल्ले मंडल के मल्लाप्पा कोंडा स्थित श्री मल्लेश्वर स्वामी मंदिर चलने के लिए राजी किया। दंपति अपनी मासूम बेटी को साथ लेकर बाइक से निकले। रास्ते भर हसिनी अपने प्रेमी युगंधर को मोबाइल पर लाइव लोकेशन भेजती रही, ताकि हमलावर उन पर नजर रख सकें। घटना को हिल रोड पर तीसरे हेयरपिन मोड़ के पास अंजाम दिया गया।
पहाड़ी रास्ते पर हसिनी ने जानबूझकर अपना हैंडबैग नीचे गिरा दिया। जैसे ही बैग उठाने के लिए रमेश ने बाइक रोकी, इसी दौरान वहां मौजूद युगंधर और उसके साथी हथियारों के साथ बाहर निकल आए। जान बचाने के लिए रमेश पास के जंगल की तरफ भागा, लेकिन आरोपियों ने 100 मीटर तक पीछा कर धारदार हथियारों से उसकी हत्या कर दी। इस पूरी वारदात के दौरान दंपति की मासूम बेटी पास ही मौजूद थी।
इस हत्या का खुलासा तब हुआ जब हसिनी की मां ने पुलिस से संपर्क किया कि उसकी बेटी और नातिन घर नहीं लौटे हैं। पुलिस ने जब मंदिर के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में रमेश अपनी पत्नी के साथ मंदिर जाता दिख रहा था, लेकिन वापसी में हसिनी दो अन्य पुरुषों के साथ रमेश की ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां से निकलती दिखाई दी।
इसके बाद पुलिस ने मोबाइल डेटा और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए रमेश का शव बरामद कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी हसिनी, उसके प्रेमी युगंधर और दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।