
Cockroach Janata Party: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। संसद की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई मौकों पर झड़प हो गई। इस दौरान कई दिल्ली पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घटना के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे हैं। साथ ही दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर शेयर किये जा रहे कई पोस्ट की फैक्ट चेक भी कर रही है।
CJP कार्यकर्ता नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने संसद की ओर मार्च निकालने की कोशिश की। हालांकि, संसद क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन घोषित करते हुए दिल्ली पुलिस ने पहले से ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू कर रखा था। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान कई बैरिकेड तोड़ दिए गए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई।
स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव करने का आरोप लगाया गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हालात पर काबू पाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की भी तैनाती की गई।
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास के उस दावे का खंडन किया है, जिसमें अभिजीत दीपके को पुलिस हिरासत में लिए जाने की बात कही गई थी। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर सौरव दास की पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर एक बार फिर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, कुछ संगठनों और सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा प्रसारित की जा रही यह सूचना तथ्यात्मक रूप से गलत है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभिजीत दीपके की गिरफ्तारी या हिरासत की खबर पूरी तरह निराधार है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, जिस समय यह दावा किया जा रहा था, उस समय अभिजीत दीपके कार्यक्रम के मंच पर मौजूद थे।
इसके साथ ही कई अन्य मामलों में भी दिल्ली पुलिस की ओर से फैक्ट चेक किया जा रहा है। जिसमें कई सोशल मीडिया पोस्ट, वीडियो शामिल हैं।