
Cockroach Janta Party Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक पोस्ट में दीपके ने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों में उनके माता-पिता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा और धमकियों के कारण उन्हें अपना घर तक छोड़ना पड़ा था।
उन्होंने कहा कि अब वह अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहे हैं और उन्हें वापस उनके घर लेकर जाएंगे।
अभिजीत दीपके ने अपने पोस्ट में लिखा, "मैं अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहा हूं। उनसे मिले हुए एक साल से ज्यादा समय हो गया है। पिछले 15 दिनों में उन्होंने बहुत कुछ झेला है और धमकियों की वजह से उन्हें अपना घर भी छोड़ना पड़ा था। अब मैं उन्हें वापस घर लेकर जा रहा हूं।"
दीपके के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं।
अपने पोस्ट में अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को केवल शुरुआत बताते हुए कहा कि आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने लिखा, "आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि आज का प्रदर्शन सिर्फ एक ट्रेलर था। इतनी बड़ी संख्या में पहुंचकर समर्थन देने के लिए आप सभी का दिल से धन्यवाद।" इस बयान को आंदोलन के अगले चरण का संकेत माना जा रहा है।
शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र, युवा और समर्थक पहुंचे थे। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विवाद, नीट यूजी पेपर लीक मामला और सीबीएसई मूल्यांकन प्रणाली को लेकर उठे सवाल थे।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान कई लोगों ने तिरंगा झंडा और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें भी हाथों में ले रखी थीं।
प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें जंतर-मंतर पर मौजूद बड़ी भीड़ दिखाई दे रही थी। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "कहा गया था कि कॉकरोच कभी जमीन पर नहीं आते।"
यह टिप्पणी उन आलोचनाओं के जवाब के रूप में देखी जा रही है, जिनका सामना CJP को पिछले कुछ समय से करना पड़ रहा था।
जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान कुछ समर्थकों ने सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाए जाने की मांग भी उठाई।
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी, लेकिन हाल के दिनों में यह युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई है।
जंतर-मंतर पर हुआ यह प्रदर्शन अब तक CJP का सबसे बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम माना जा रहा है। अभिजीत दीपके के ताजा बयान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि संगठन आने वाले समय में भी अपने अभियान को जारी रख सकता है।