पंजाब के मंसा में शादीशुदा महिला से संबंध के शक में एक युवक को पेड़ से बांधकर इतना पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पंजाब के मंसा जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कथित प्रेम संबंध के शक में हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार युवक के एक शादीशुदा महिला से अफेयर का दावा किया जा रहा था। उसी महिला के परिवार वालों ने युवक को पेड़ से बांधकर पीटा। आरोपियों ने युवक की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है जो कि घटना के बाद से फरार है।
मृतक की पहचान जशांदीप सिंह के रूप में हुई है, जो खोक्खर रोड का रहने वाला था। पुलिस और परिजनों के अनुसार, एक शादीशुदा महिला के साथ कथित संबंध को लेकर यह विवाद लंबे समय से चल रहा था। महिला तीन बच्चों की मां बताई जा रही है और उसी इलाके में रहती थी जहां जशांदीप रहता था। आरोप है कि महिला के परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया और पहले भी जशांदीप को धमकाया गया था। घटना वाले दिन कुछ लोग एक बोलेरो गाड़ी में आए और उसे जबरन पकड़कर पेड़ से बांध दिया, जिसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी गई।
जशांदीप के पिता गुरसेवक सिंह ने बताया कि 4-5 पुरुष और 2 महिलाएं गाड़ी से उतरे और उनके बेटे को गली में ही पीटना शुरू कर दिया। गुरसेवक सिंह ने कहा, उन्होंने मेरे बेटे को बुरी तरह मारा, वह बच नहीं पाया। वहीं जशांदीप की मां का आरोप है कि महिला खुद उनके बेटे को बार-बार कॉल करती थी, लेकिन जब उन्होंने मना किया तो मामला और बिगड़ गया। जशांदीप के भाई हरमंदेप सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले।
परिवार का कहना है कि हमलावरों ने जशांदीप के हाथ-पैर तक तोड़ दिए और उसे गंभीर हालत में छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।