राष्ट्रीय

बहन के बेटे को अपने बच्चे की तरह पाला, सालों बाद उसी बहन और भांजे ने ले ली जान

तुमकुरु के जोगीहल्ली गांव में हाल ही में हुई एक महिला की मौत में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला की हत्या उसकी बहन और भांजे ने की है।
2 min read
Feb 24, 2026
हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कर्नाटक के तुमकुरु जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला की सगी बहन और उसके भांजे ने संपति के लालच में उसे मौत के घाट उतार दिया। 19 फरवरी को यह महिला चिक्कनायकनहल्ली तालुक के जोगीहल्ली गांव में स्थित अपने घर में मृत पाई गई थी। शुरुआती तौर पर इसे प्राकृतिक मौत माना गया था लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक महिला की मौत सामान्य नहीं थी बल्कि उसका दम घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

अंतिम संस्कार से पहले हुआ मामले का खुलासा

मृतक की पहचान जयलक्ष्मी के रूप में हुई है, जो स्थानीय ब्लॉक एजुकेशन ऑफिस में फर्स्ट डिवीजन असिस्टेंट के पद पर कार्यरत थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि जयलक्ष्मी की हत्या उनकी सगी बहन अनुसूया और भांजे चंद्रशेखर ने मिलकर की थी। यह खुलासा तब हुआ जब अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। अंतिम संस्कार से पहले जयलक्ष्मी के लिव इन पार्टनर श्रीनिवास ने पुलिस से संपर्क कर मौत पर संदेह जताया था। उनकी शिकायत के बाद चिक्कनायकनहल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बहन और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें साजिश का खुलासा हुआ।

बहन के बेटे को साथ रखा, पढाई का खर्च उठाया

पुलिस के अनुसार जयलक्ष्मी के पति, जो फिजिकल एजुकेशन टीचर थे, का 19 साल पहले निधन हो चुका था। इसके बाद वह श्रीनिवास के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। उन्होंने अपनी बहन के तलाक के बाद भांजे चंद्रशेखर को अपने साथ रखा और उसकी पढ़ाई का खर्च उठाया। हालांकि कानूनी तौर पर गोद लेने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है। कुछ महीनों पहले अनुसूया और चंद्रशेखर जयलक्ष्मी के घर आकर रहने लगे थे। इसके बाद घर में लगातार विवाद शुरू हो गया। जयलक्ष्मी और श्रीनिवास ने नया किराए का घर लेने का फैसला किया।

संपत्ति के लालच में कर दी हत्या

आरोप है कि मां बेटे को डर था कि जयलक्ष्मी अपनी संपत्ति श्रीनिवास के नाम कर देगी और उन्हें देने वाली आर्थिक सहायता बंद कर देंगी। इसी आशंका में दोनों मां बेटे ने जयलक्ष्मी की हत्या की साजिश रची डाली। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने हत्या के बाद सहानुभूति आधार पर सरकारी नौकरी पाने की योजना बनाई थी। पुलिस का मानना है कि आर्थिक लाभ और संपत्ति पर कब्जा इस अपराध की मुख्य वजह रही। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Updated on:
24 Feb 2026 04:18 pm
Published on:
24 Feb 2026 04:18 pm