राष्ट्रीय

Video Viral: महिला को वॉशरूम इस्तेमाल से रोका, ग्राहक ने दी 1-स्टार रेटिंग, सोशल मीडिया पर लोगों का फूटा गुस्सा

दिल्ली में एक बेहद असंवेदनशील मामला सामने आया है। महिला गिग वर्कर को एक ग्राहक के घर में वॉशरूम का उपयोग करने से न केवल मना कर दिया गया, बल्कि बाद में ऐप पर 'वन-स्टार' रेटिंग दी, जिससे उनके काम पर असर पड़ा।
2 min read
Jul 16, 2026
Video Viral
फोटो-वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट

Delhi gig worker Video Viral : नई दिल्ली। दिल्ली में एक बेहद असंवेदनशील मामला सामने आया है। महिला गिग वर्कर को एक ग्राहक के घर में वॉशरूम का उपयोग करने से न केवल मना कर दिया गया, बल्कि बाद में ऐप पर 'वन-स्टार' रेटिंग दी, जिससे उनके काम पर असर पड़ा। इस रेटिंग के चलते महिला को पांच दिनों तक ऐप पर कोई नया काम नहीं मिला। महिला ने सोशल मीडिया X पर शेयर किए गए एक वीडियो में इस घटना के बारे में बताया। इसके बाद वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना ने तूल पकड़ लिया और गिग वर्कर्स के मानवाधिकारों को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है।

3 घंटे काम के बाद मांगा था शौचालय

वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पीड़ित महिला प्रोफेशनल उक्त ग्राहक के घर पर करीब तीन घंटे से लगातार काम कर रही थी। काम खत्म होने के बाद ग्राहक से शौचालय उपयोग करने की अनुमति मांगी। ग्राहक ने कथित तौर पर मना कर दिया और उसे सुरक्षा गार्ड के वॉशरूम का इस्तेमाल करने के लिए कहा। वीडियो में बोलते हुए महिला ने कहा कि अगर कोई आपके घर काम करने आता है, तो कम से कम उसे अपना शौचालय तो इस्तेमाल करने दें। उन्होंने आगे कहा कि वह छह साल से काम कर रही हैं और सैकड़ों घरों में जा चुकी हैं, जिनमें अमीर और मशहूर लोगों के घर भी शामिल हैं, लेकिन उन्होंने कभी किसी को इस तरह के अनुरोध को ठुकराते हुए नहीं देखा।

एक 'रेटिंग' ने छीनी पांच दिनों की रोटी

इसके बाद ग्राहक ने सेवा प्रदाता ऐप पर जाकर महिला कर्मचारी को सबसे खराब यानी 'वन-स्टार' रेटिंग दे दी। ग्राहक ने बाकायदा समीक्षा (रिव्यू) में यह भी लिखा कि उसने यह खराब रेटिंग महिला द्वारा शौचालय मांगने के कारण दी है। चूंकि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का पूरा काम रेटिंग सिस्टम पर टिका होता है, इसलिए रेटिंग गिरते ही ऐप ने महिला कर्मचारी की बुकिंग ब्लॉक कर दी। नतीजतन, महिला को पांच दिनों तक कोई काम नहीं मिला।

सोशल मीडिया पर फूटा आक्रोश

इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग आक्रोश में हैं। लोगों ने घरों में काम करने वाले इन सेवा प्रदाताओं के लिए बुनियादी मानवीय गरिमा और सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। हालांकि, कुछ लोगों ने सुरक्षा चिंताओं का भी हवाला दिया, लेकिन अधिकांश का मानना था कि अतिथि या पृथक शौचालयों का विकल्प देकर ऐसी परिस्थितियों से बचा जा सकता है। हालांकि इस घटना के बाद अभी तक कंपनी ने कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन खबरों के अनुसार इसके दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि ग्राहकों को जरूरत पड़ने पर सेवा कर्मियों को वॉशरूम का उपयोग करने की अनुमति देनी चाहिए।

Updated on:
16 Jul 2026 05:02 pm
Published on:
16 Jul 2026 05:02 pm