
Himachal Pradesh Congress: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने बड़ा खेला कर दिया है। शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) द्वारा शुरू किए गए विस्तार अभियान के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP), आम आदमी पार्टी (AAP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित लगभग 50 लोग कांग्रेस में शामिल हो गए।
शिमला ग्रामीण डीसीसी अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी में शामिल होने वालों में रोहरू से सेवानिवृत्त एचआरटीसी महाप्रबंधक केसी चौहान, शिमला ग्रामीण से पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी और करिश्मा शर्मा के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कई कार्यकर्ता शामिल थे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) के महासचिव (संगठन) विनोद जिंटा, एचपीसीसी उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार, कुलदीप ठाकुर और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। शिमला ग्रामीण डीसीसी अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने कहा कि कांग्रेस के लिए बढ़ता समर्थन राज्य सरकार की नीतियों और शासन में लोगों के विश्वास को दर्शाता है।
हिमराल ने मीडियो को संबोधित करते हुए कहा कि आज शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संगठनात्मक विस्तार अभियान के तहत, सेवानिवृत्त HRTC महाप्रबंधक केसी चौहान, पूर्व BDC सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी और करिश्मा शर्मा सहित लगभग 50 लोग, साथ ही BJP, AAP और BSP के कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए। उनके इस निर्णय से जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूती मिलती है और यह कांग्रेस और राज्य सरकार के विकास संबंधी दृष्टिकोण में जनता के विश्वास को दर्शाता है। हम सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हैं।
बता दें कि हाल ही में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य अशोक सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंपा था। अपने इस्तीफे पत्र में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति द्वारा पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है।