10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली की मंडी रोड बनेगी नेशनल हाईवे? CM रेखा गुप्ता ने गडकरी को भेजा बड़ा प्रस्ताव

Delhi Mandi Road National Highway: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने पर दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने और ट्रैफिक की समस्या कम होने की उम्मीद है।
2 min read
Google source verification
Rekha Gupta

रेखा गुप्ता (Photo-IANS)

Mandi Road Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग की है। उन्होंने इसके लिए औपचारिक पत्र भी लिखा है। उन्होंने मांग की है कि करीब 8.8 किलोमीटर लंबी मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाए और इसके विकास की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को सौंपी जाए। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो दक्षिण दिल्ली के इस अहम रास्ते की तस्वीर बदल सकती है।

दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लोगों को होगा फायदा

मंडी रोड छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास NH-148A को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ती है। हर दिन बड़ी संख्या में लोग इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। मुख्यमंत्री का कहना है कि यह दिल्ली-एनसीआर को जोड़ने वाला अहम कॉरिडोर है। अगर इसे राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा मिलता है तो तीनों शहरों के बीच सफर आसान होगा, ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों का काफी समय बचेगा।

NHAI को जिम्मेदारी मिलने से तेजी से होंगे विकास कार्य

रेखा गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि मंडी रोड का विकास NHAI के जरिए कराया जाए। इससे सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण बेहतर इंजीनियरिंग मानकों के अनुसार हो सकेगा। साथ ही सभी काम तय समय के भीतर पूरे होने की संभावना भी बढ़ेगी। सरकार का मानना है कि आने वाले वर्षों में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए इस सड़क का आधुनिक तरीके से विकास बेहद जरूरी है।

पहले भी मिल चुका है सड़क चौड़ीकरण को समर्थन

मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडी रोड को चौड़ा करने का प्रस्ताव नया नहीं है। 27 सितंबर 2023 को UTTIPEC की 68वीं बैठक में भी इस परियोजना को समर्थन मिला था। अब दिल्ली सरकार चाहती है कि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर विकास कार्यों में और तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

रेखा गुप्ता बोलीं- दिल्ली के विकास के लिए सही समय

इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और दिल्ली में एक ही सरकार होने से विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाना पहले की तुलना में आसान हो गया है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली के लिए बड़े फैसले तेजी से लिए जा रहे हैं और सरकार का लक्ष्य लोगों को बेहतर सड़कें, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाएं देना है। उनके मुताबिक, यह फैसला पूरे दिल्ली-एनसीआर के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।

रेखा गुप्ता ने इस दौरान पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जरूरी विकास परियोजनाएं समय पर पूरी नहीं हो सकीं। साथ ही दावा किया कि उनकी सरकार शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि केंद्र सरकार इस प्रस्ताव पर क्या फैसला लेती है। अगर मंजूरी मिल जाती है तो मंडी रोड की पहचान और महत्व दोनों बढ़ जाएंगे।