
Hyderabad Building Collapse: हैदराबाद के माधापुर इलाके में शनिवार को एक निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका के चलते राहत और बचाव अभियान जारी है। हादसा अंजैया नगर इलाके में हुआ।
इमारत के अचानक गिरने के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबा हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि अंजैया नगर में निर्माणाधीन सात मंजिला इमारत गिर गई। हादसे में अब तक दो लोगों की जान जा चुकी है। घटनास्थल पर राहत दल पहुंच चुके हैं और मलबा हटाने का काम लगातार जारी है। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
वहीं कांग्रेस विधायक अरेकापुड़ी गांधी ने अवैध निर्माण का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन इमारत के पास जरूरी मंजूरी और अनुमति नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों ने करीब चार महीने पहले निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन हाल ही में कथित तौर पर अवैध तरीके से दोबारा काम शुरू कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि सात मंजिला इमारत से जुड़े एक बगल के भवन तक बेसमेंट का काम बढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी संरचना ढह गई।
विधायक ने कहा कि लोगों को अवैध निर्माण से जुड़े खतरों को समझना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सेरिलिंगमपल्ली इलाके में भी कई जगह नियमों का उल्लंघन कर निर्माण कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कई इमारतों को सीज किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है और अब एक बार फिर निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है।
वहीं एनडीआरएफ (NDRF) की 10वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट दामोदर सिंह ने घटना के बारे में कहा कि माधापुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक अनधिकृत इमारत ढह गई। इसका एक हिस्सा पास की दूसरी इमारत पर जा गिरा। यह सात मंजिला इमारत थी। इमारत गिरने के दौरान सबसे ऊपरी मंजिल पड़ोसी इमारत की मंजिल पर जा गिरी।