Ind vs NZ T20 World Cup final: भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक रविवार को अहमदाबाद का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Ahmedabad weather update: भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच (Ind vs NZ T20 World Cup final) अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले मौसम विभाग ने अपडेट जारी किया है। IMD के मुताबिक शहर में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। शहर में धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक रविवार को अहमदाबाद का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुजरात के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और पश्चिम भारत में गर्मी का असर तेज होता दिख रहा है।
IMD के बुलेटिन के अनुसार फिलहाल गुजरात में दिन का तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 9 से 11 मार्च के बीच गुजरात के कुछ हिस्सों, खासकर तटीय इलाकों, सौराष्ट्र और कच्छ में गर्म और उमस भरा मौसम देखने को मिल सकता है।
देशभर में मार्च में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। 7 मार्च को महाराष्ट्र के अकोला में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो उस दिन का सबसे अधिक तापमान था। दक्षिण हरियाणा, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि बाकी इलाकों में यह 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
IMD ने 8 मार्च को हिमाचल प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई इलाकों में भी तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है।