
Kunal Chandgude News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एक युवक और उसके माता-पिता की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। शुरुआत में इस घटना की वजह आईफोन की ईएमआई को लेकर हुआ विवाद बताई गई थी। अब सामने आए एक वीडियो और परिवार से जुड़ी जानकारी ने पुराने पारिवारिक विवाद की ओर भी इशारा किया है।
19 वर्षीय कुणाल चांदगुड़े आईफोन की ईएमआई को लेकर पिता से विवाद के बाद पहाड़ी पर चला गया था। परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की। बाद में कुणाल पहाड़ी से नीचे गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता मुरलीधर की भी मौत हो गई। इसके बाद मां संगीता भी नीचे गिर गईं। तीनों की मौत हो गई।
घटना के बाद संगीता का एक पुराना वीडियो सामने आया है। इसमें वह परिवार के भीतर प्रॉपर्टी को लेकर विवाद और रिश्तों में तनाव की बात करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में संगीता ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी के कारण उनके परिवार के रिश्ते खराब हुए और उनके बेटे को माता-पिता से दूर किया गया। उन्होंने परिवार को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए संबंधित व्यक्ति को श्राप भी दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि संगीता का इशारा किसकी तरफ था और परिवार में असल विवाद क्या था।
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, परिवार में काफी समय से तनाव था। कुणाल के बड़े भाई की करीब छह साल पहले बीमारी से मौत हुई थी। इसके बाद परिवार के रिश्तों में तनाव बढ़ने की बात सामने आई है।
मुरलीधर पेशे से ड्राइवर थे और काम के कारण कई-कई महीने घर से बाहर रहते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले ही वह घर लौटे थे। इसके बाद परिवार में विवाद हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, कुणाल ने आईफोन खरीदा था, लेकिन उसकी किस्त चुकाने में परेशानी हो रही थी। इसी को लेकर उसका पिता के साथ विवाद हुआ। इसके बाद वह गुस्से में पहाड़ी पर चला गया।
मौके पर मौजूद पुलिस, दमकलकर्मी और स्थानीय लोगों ने करीब तीन घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद वह पहाड़ी के किनारे से नीचे गिर गया। पिता ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नीचे गिर गए। मां संगीता ने भी इसके बाद छलांग लगा दी।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुणाल ने पिछले साल भी इसी पहाड़ी से जान देने की कोशिश की थी। उस समय पुलिस ने उसे समझाकर रोक लिया था। इस बार पुलिस और स्थानीय लोगों की कोशिश कामयाब नहीं हो सकी।
इस जानकारी से मामले में पारिवारिक तनाव और कुणाल की पुरानी परेशानियों को लेकर जांच का दायरा और बढ़ गया है।
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि घटना की वजह सिर्फ आईफोन की ईएमआई थी या पारिवारिक विवाद भी इसकी बड़ी वजह बना। संगीता के वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे विवाद का इस दर्दनाक घटना पर कितना असर था।