
माता-पिता और बेटा कुणाल। फाइल फोटो- पत्रिका
Chhatrapati Sambhajinagar Tragedy: छत्रपति संभाजीनगर में 18 वर्षीय बेटे को पहाड़ी से वापस लाने की कोशिश में एक परिवार खत्म हो गया। बेटे के पीछे पहाड़ी पर पहुंचे पिता उसे बचाने की कोशिश में 250 फीट गहरी खाई में गिर गए। पति और बेटे को गिरते देख मां ने भी छलांग लगा दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से कुछ दिन पहले मां संगीता ने रिश्तों में सम्मान और कद्र को लेकर अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा किया था, जो अब चर्चा में है।
घटना शुक्रवार को कोहड्या डोंगर में हुई। पुलिस के अनुसार 18 वर्षीय कुणाल का नए आईफोन की किस्त को लेकर पिता से विवाद हुआ था। नाराज होकर वह पहाड़ी पर चला गया और वहां जाकर बैठ गया। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो उसके माता-पिता और गांव के सरपंच समेत कई लोग उसे समझाने पहाड़ी पर पहुंचे। कुणाल वापस आने के लिए तैयार नहीं था। करीब तीन घंटे बाद पिता मुरलीधर उस जगह पहुंचे, जहां कुणाल खड़ा था। उन्होंने बेटे को किनारे से पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरे।
पति और बेटे को गिरते देख संगीता भी कुछ ही सेकंड बाद पहाड़ी से नीचे कूद गईं। तीनों की मौत हो गई। घटना से एक दिन पहले संगीता ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब एक मिनट का वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि जिंदगी और प्यार ऐसे व्यक्ति के साथ बांटना चाहिए, जो आपकी कद्र करता हो। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आपके प्यार, सम्मान और आपके प्रयासों की कीमत नहीं समझता, उसके लिए कुछ भी करने का कोई मतलब नहीं है।
संगीता ने रिश्ते की तुलना रोटी से करते हुए कहा था कि जिस तरह चपाती दोनों तरफ से पकने पर ही अच्छी लगती है, उसी तरह रिश्ता भी तभी अच्छा चलता है, जब दोनों एक-दूसरे को महत्व दें। अगर रिश्ता केवल एक व्यक्ति निभा रहा है और दूसरा उसकी कद्र नहीं करता, तो ऐसे रिश्ते से बाहर निकल जाना बेहतर है। संगीता ने अपने एक अन्य वीडियो में परिवार और रिश्तों को लेकर भी अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि आजकल कई बहनें अपनी भाभी को समझने की कोशिश नहीं करतीं।
उनके मुताबिक, वे भाभी के बच्चों से प्यार नहीं करतीं, भाई के परिवार में गलतफहमियां पैदा करती हैं और झगड़े की स्थिति बनाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ बहनें अपने भाई का परिवार तोड़ने की कोशिश करती हैं और ऐसा नहीं कर पाने पर संपत्ति में हिस्सा मांगती हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि भाई के दुख के समय ऐसी बहनें उसका साथ नहीं देतीं और भाभी को समझने की कोशिश नहीं करतीं। संगीता ने कहा था कि परिवार में बेटे की मौत जैसी दुखद स्थिति में भी कुछ लोग भाभी और भाई को ही बुरा-भला कहते हैं, गाली देते हैं। बता दें कि संगीता के यूट्यूब चैनल पर 29 हजार से अधिक फॉलोवर्स हैं।
Updated on:
23 Aug 2026 03:41 pm
Published on:
23 Aug 2026 03:19 pm
