राष्ट्रीय

अमेरिका-इजराइल के खिलाफ खुलकर बोला था जर्मनी, अब उस पर ही क्यों बुरी तरह भड़का ईरान? कहा- ‘पहले अपनी गलतियां देखो’

Iran Germany Tension: ईरान ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज को करारा जवाब दिया है। 'द ब्रोकन जग' नाटक का हवाला देकर बोला- खुद गलती करो, दूसरों को लेक्चर मत दो।
2 min read
May 19, 2026
Mojtaba Khamenei
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई। (फोटो- X)

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के बयान से ईरान भड़क गया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने इसे दोहरे मापदंड की राजनीति बताते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने जर्मन नाटक 'द ब्रोकन जग' का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ देश खुद गलतियां करते हैं और दूसरों को लेक्चर देते हैं।

इस्माइल बाघेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अमेरिका और इजराइल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमला किया, लेकिन पश्चिमी देश चुप रहे। अब एक छोटी सी घटना के बाद वही देश अंतरराष्ट्रीय कानून और क्षेत्रीय सुरक्षा की बात कर रहे हैं।

बाघेई ने क्या कहा?

बाघेई ने साफ कहा- यूएई ने भी आधिकारिक तौर पर ईरान को जिम्मेदार नहीं ठहराया है, फिर भी जर्मन चांसलर ईरान पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर परमाणु सुविधाओं पर हमला गलत है तो यह नियम हर देश पर लागू होना चाहिए, सिर्फ पश्चिमी देशों के हित के हिसाब से नहीं।

'टूटा घड़ा' नाटक का तंज

बाघेई ने अपनी पोस्ट के साथ जर्मन नाटक 'द ब्रोकन जग' की तस्वीर भी शेयर की। इसमें जज एडम का किरदार है, जो खुद गलतियां करता है लेकिन दूसरों को न्याय सिखाता है।

ईरानी प्रवक्ता ने लिखा कि जर्मन चांसलर का रवैया ठीक उसी जज एडम जैसा है। यह तंज जर्मनी के हालिया बयान के जवाब में आया है।

चांसलर मर्ज ने ईरान से मांग की थी कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बिना किसी रोक-टोक के खोल दिया जाए और खाड़ी देशों को धमकाना बंद करे। साथ ही उन्होंने यूएई पर कथित ईरानी हमलों की भी निंदा की।

पहले मर्ज ने खुद अमेरिका-इजराइल पर सवाल उठाए थे

दिलचस्प बात यह है कि कुछ समय पहले फ्रेडरिक मर्ज ने ईरान के साथ शांति वार्ता में अमेरिका-इजराइल की रणनीति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने यहां तक कहा था कि अमेरिका ईरान के सामने 'अपमानित' हुआ है। इस बयान से अमेरिका नाराज हो गया था।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बर्लिन के बीच तनाव बढ़ा, जिसके बाद अमेरिका ने जर्मनी से अपने सैनिक वापस बुलाने की घोषणा भी कर दी थी। अब मर्ज का ईरान पर सख्त रुख देखकर तेहरान ने इसे पश्चिमी देशों की मिली-जुली नीति का हिस्सा बताया है।

ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि जब उनके हितों की बात आती है तो कानून की धज्जियां उड़ाई जाती हैं, लेकिन जब दूसरा पक्ष करता है तो नैतिकता का ढोंग रचा जाता है।

Updated on:
19 May 2026 06:26 pm
Published on:
19 May 2026 06:24 pm