
Cockroach Janata Party (CJP): दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई बिना अनुमति प्रदर्शन स्थल में प्रवेश करने के आरोप में की है। शिकायत के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यालय के पास स्थित गेट फांदकर जंतर-मंतर में प्रवेश किया था। मामले में अनधिकृत प्रवेश यानी ट्रेसपासिंग का केस दर्ज किया गया है।
मंगलवार सुबह CJP के नेता सौरव दास, आशुतोष रांका और संगठन के अन्य सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने JDU कार्यालय के पास का गेट पार कर प्रदर्शन स्थल में प्रवेश किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। CJP के मुताबिक, करीब 11 सदस्यों को हिरासत में लिया गया। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इस प्रदर्शन को जंतर-मंतर को दोबारा हासिल करने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन स्थल की सूची से जंतर-मंतर को हटाए जाने के बावजूद उनका आंदोलन जारी रहेगा।
इससे पहले शनिवार को दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया गया था। उस दिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण संगठन अपना प्रदर्शन नहीं कर सका था। CJP के मुताबिक, तीनों को अगले दिन इस शर्त पर रिहा किया गया था कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने 11 अक्टूबर को जारी आदेश में रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन और धरना देने के लिए निर्धारित स्थलों में शामिल किया था। CJP का कहना है कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने की घोषणा 12 अक्टूबर को हुई थी। संगठन के अनुसार, उसी दिन उसके प्रतिनिधि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख और समय मांगने संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।