13 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता एल. मुरुगन का इस्तीफा, राजयसभा पद भी छोड़ा, खास वजह भी बताई

Central Minister Resigns: एल मुरुगन ने मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा, अब तमिलनाडु में बीजेपी को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर काम करेंगे।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

image

PS Vijay Raghavan

•

Oct 13, 2026

Central Minister Resign

भाजपा नेता एल. मुरुगन। (फोटो- Rajya Sabha TV)

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि वे जमीनी स्तर पर लौटकर 2029 लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पूर्णकालिक रूप से काम करना चाहते हैं।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और तमिलनाडु की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। उन्होंने कहा कि दिहाड़ी श्रमिक के पुत्र से लेकर केंद्रीय मंत्रिपरिषद का सदस्य बनने तक का सफर उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।

'नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट'

मुरुगन ने कहा कि अब वे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच रहकर संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने अपने संदेश में 'नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट' का उल्लेख करते हुए तमिलनाडु में बीजेपी के विस्तार के लिए समर्पित होने की बात कही।

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने मंत्री पद से मुक्त करने के साथ राज्यसभा सदस्यता छोड़ने की भी अनुमति मांगी है। मुरुगन सितंबर 2021 में पहली बार मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल 2030 तक था।

2020 में तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष बने थे

एल. मुरुगन 2020 में तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष बने थे और राज्य इकाई के दूसरे दलित अध्यक्ष रहे। इससे पहले वे राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में उन्होंने धारापुरम सीट से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें डीएमके उम्मीदवार एन. कयलविझी से 1,393 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

उनके इस्तीफे को तमिलनाडु में बीजेपी की भविष्य की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एल मुरुगन पहले मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय में भी उनकी जिम्मेदारी रही।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच यह घटनाक्रम

बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की चर्चाओं के बीच यह घटनाक्रम देखने को मिला है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई बड़ा बदलाव अभी घोषित नहीं हुआ है।

राजनीतिक गलियारे में यह भी चर्चा है कि एल मुरुगन का यह कदम बीजेपी की रणनीति का हिस्सा भी हो सकता है, जहां अनुभवी नेताओं को राज्यों में भेजा जा रहा है।

तमिलनाडु में इस वक्त सीएम विजय के नेतृत्व वाली टीवीके की सरकार है। इससे पहले राज्य की सियासत में डीएमके और एआईएडीएमके का दबदबा रहा है। ऐसे में बीजेपी को अपनी जड़ें मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास करना पड़ रहा है।