राष्ट्रीय

झारखंड छात्र आंदोलन पर विधानसभा में बोले सीएम हेमंत सोरेन, ‘विपक्षी नेताओं के जेब नोटों से भरे हुए, लोकतंत्र को खरीदना चाहते हैं’

JPSC JSSC Protest: झारखंड छात्र आंदोलन के बीच विधानसभा में सीएम हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। सोरेन बोले कि विपक्षी नेताओं की जेबें नोटों के बंडलों से भरी हुई हैं और वे लोकतंत्र को खरीदना चाहते हैं।
2 min read
Aug 11, 2026
JPSC-JSSC Protest news
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन(फोटो-ANI)

Jharkhand Student Protest: झारखंड में जेपीएससी-जेसएससी परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। एक दिन पहले ही छात्र प्रदर्शनकारियों ने विधानसभा तक मार्च करते हुए गेट तक पहुंच गए थे। अगले दिन आज मंगलवार को मॉनसून सत्र के दौरान सोरेन ने कहा कि परीक्षा कराने वाली कंपनी टीडीपीएल का उत्तर प्रदेश से कनेक्शन है और इस पूरे मामले के पीछे साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग दे रहे हैं और लोकतंत्र को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने कुछ परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया है और छात्रों की अधिकतर मांगें मान ली गई हैं। उन्होंने भरोसा दिया कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं की सलाह ली जाएगी।

टीडीपीएल का यूपी से कनेक्शन, इसके पीछे षड्यंत्र- हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने विधानसभा में परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी टीडीपीएल का जिक्र करते हुए कहा कि उसका उत्तर प्रदेश से कनेक्शन है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कंपनी से जुड़े लोगों ने झारखंड के लोगों के साथ रिश्ते बनाए और झारखंड-बिहार के लोगों को परेशान किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़ा पूरा मामला 'मकड़जाल' की तरह है, जिसे विपक्ष ने बुना है। सोरेन ने दावा किया कि इसके पीछे षड्यंत्र है।

'विपक्ष छात्रों का चोला पहनकर आंदोलन कर रहा'

10 अगस्त को रांची में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रशासन के रवैये का बचाव किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने धैर्य का परिचय दिया और प्रदर्शनकारी ऐसे क्षेत्र तक पहुंच गए, जहां साल भर धारा 144 लागू रहती है। सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग गेरुआ वस्त्र पहनकर दुनिया को दिग्भ्रमित कर रहे हैं और अब छात्रों का चोला पहनकर सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों ने विधानसभा की गरिमा को तार-तार किया और इसके बावजूद लोकतंत्र की बात करते हैं।

विपक्षी नेताओं की जेब में नोटों के बंडल- झारखंड सीएम

मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी जेबें नोटों के बंडलों से भरी हुई हैं और वे लोकतंत्र को खरीदना चाहते हैं। उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर का भी जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। सोरेन ने कहा कि सरकार ने छात्रों की अधिकतर मांगों को मान लिया है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं से सलाह लेगी।

Updated on:
11 Aug 2026 04:29 pm
Published on:
11 Aug 2026 03:19 pm