राष्ट्रीय

‘100 चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी की क्या हैसियत? यह उनका आखिरी कार्यकाल होगा’, कंगना रनौत ने सोनिया गांधी पर भी साधा निशाना

बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसद और देश का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनका आखिरी कार्यकाल होगा।
2 min read
Aug 12, 2026
Kangana Ranaut, Kangana Ranaut News, Rahul Gandhi, Rahul Gandhi News, Sonia Gandhi, Sonia Gandhi News, Rahul Gandhi Opposition Leader, Kangana on Rahul Gandhi,
कंगना रनौत, राहुल गांधी और सोनिया गांधी (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Kangana Ranaut on Rahul Gandhi: बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के राजनीतिक नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए उनकी मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा है। कंगना ने कहा कि राहुल गांधी कई चुनाव हार चुके हैं, फिर भी उन्हें विपक्ष का नेता बनाया जा रहा है।

कंगना ने यह बयान संसद में छात्र आंदोलन और गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगने को लेकर चल रहे विवाद के बीच दिया। उन्होंने राहुल गांधी के संसद में दिए बयानों को लेकर भी सवाल उठाए।

100 चुनाव हारने के बाद उनकी क्या हैसियत?

कंगना ने राहुल गांधी की चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि वह करीब 100 चुनाव हार चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें विपक्ष का नेता बनाए रखा गया है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाने के लिए उनकी मां की तरफ से दबाव नहीं होता तो उनकी राजनीतिक हैसियत क्या होती?

कंगना ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दलों पर राहुल गांधी को नेता के तौर पर स्वीकार करने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी को लेकर गंभीर नहीं है।

इटैलियन मां विपक्ष को उन्हें नेता बनाने के लिए कह रही हैं

कंगना ने अपने बयान में राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी 'इटैलियन मां' किसी तरह विपक्ष को राहुल गांधी को ही नेता बनाने के लिए मजबूर कर रही हैं। उन्होंने कहा अगर ऐसा दबाव नहीं होता तो राहुल गांधी की विपक्ष के नेता के तौर पर क्या स्थिति होती।

राहुल गांधी पर संसद का मजाक बनाने का आरोप

कंगना ने राहुल गांधी के संसद में दिए बयान को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक तरफ अमित शाह से छात्रों के मुद्दे पर जवाब मांगते हैं और दूसरी तरफ कहते हैं कि वह अमित शाह की बात सुनने के लिए यहां नहीं हैं।

कंगना ने इसे विरोधाभासी बताते हुए कहा कि अगर किसी से जवाब मांगा जा रहा है तो उसका जवाब भी सुनना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद का मजाक बना रहे हैं।

यह राहुल गांधी का आखिरी कार्यकाल होगा

कंगना ने राहुल गांधी के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी का यह आखिरी कार्यकाल होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है। कंगना ने कहा कि प्रधानमंत्री लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए हैं और उन्हें लगातार तीसरी बार बड़ा जनादेश मिला है।

सोरोस को लेकर भी लगाए आरोप

कंगना ने राहुल गांधी पर जॉर्ज सोरोस और अंतरराष्ट्रीय ताकतों के साथ मिलकर देश को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। यह कंगना के राजनीतिक आरोप हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी किसके इस्तीफे की मांग करते हैं या क्या चाहते हैं इससे जनता को कोई फर्क नहीं पड़ता।