राष्ट्रीय

राम मंदिर के बाद अब केदारनाथ-बद्रीनाथ दान चोरी का उठा विवाद, कांग्रेस ने पूछा- बीजेपी शासित राज्यों में ही ऐसा क्यों हो रहा है?

Temple Donation Controversy: राम मंदिर दान विवाद के बीच कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में कथित दान अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उधर बीकेटीसी ने जांच समिति गठित कर कर्मचारियों को नोटिस जारी किए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
2 min read
Jul 04, 2026
Rahul Gandhi, Dharmendra Pradhan, Dharmendra Pradhan Resignation, Rahul Gandhi Statement, PM Modi,
माफी मांगें पीएम मोदी, हिंसा के दोषियों पर हो कार्रवाई: राहुल गांधी (फाइल फोटो - आईएएनएस)

Congress on Donation Controversy: राम मंदिर में दान राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहे विवाद के बीच कांग्रेस ने अब केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में दान के कथित दुरुपयोग के आरोपों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि जिन मंदिरों के नाम पर राजनीति की गई, वहीं अब दान में अनियमितताओं के मामले सामने आ रहे हैं। दूसरी ओर, बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने आरोपों की जांच के लिए समिति गठित कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

जयराम रमेश ने भाजपा और आरएसएस पर साधा निशाना

शनिवार को मीडिया से बातचीत में कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि राम मंदिर के नाम पर लोगों से वोट मांगे गए, लेकिन अब 'राम के नाम को बदनाम किया जा रहा है।' उन्होंने दावा किया कि हाल के दिनों में केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में भी दान राशि से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के मामले सामने आए हैं। जयराम रमेश ने सवाल उठाया कि भाजपा शासित राज्यों में ही ऐसे मामले क्यों सामने आ रहे हैं। उनका आरोप था कि मंदिर ट्रस्टों में भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री को इन लोगों के बारे में जानकारी नहीं थी।

बीकेटीसी ने जांच समिति बनाई, 24 घंटे में कार्रवाई का दावा

इन आरोपों के बीच श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर दान और चढ़ावे के कथित गबन से जुड़े आरोपों को समिति ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि दान की गिनती की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही तत्काल प्रभाव से जांच समिति गठित कर दी गई है, जो जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में समिति पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है और आवश्यक कदम 24 घंटे के भीतर उठा लिए गए हैं।

दान व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए नए निर्देश

इससे पहले 2 जुलाई 2026 को बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रंगर ने दान, चढ़ावे और अन्य आय के प्रबंधन को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे। आदेश के अनुसार, बद्रीनाथ, केदारनाथ और समिति के अधीन अन्य मंदिरों में दान संग्रह, सुरक्षित रखरखाव और लेखा-जोखा की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। दान गिनती केंद्र, लेखा शाखा, कोषागार, अतिथि गृह और पूजा काउंटरों पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में किसी तरह की शिकायत या वित्तीय अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

Updated on:
04 Jul 2026 03:57 pm
Published on:
04 Jul 2026 03:29 pm