राष्ट्रीय

Khan Sir controversy: क्या खान सर ने धोखे से हड़प ली पूरी कोचिंग? पूर्व साथी निखिल सर ने दर्ज कराई शिकायत, नार्को टेस्ट कराने की उठाई मांग

Khan Sir News: शिक्षक और कोचिंग संचालक निखिल सर ने अपने पुराने संबंधों और कोचिंग संस्थान को लेकर खान सर पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। निखिल सर का दावा है कि खान सर पहले उनके साथ पढ़ाते थे और बाद में उन्होंने उनके कोचिंग संस्थान को हड़पने की कोशिश की। उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
2 min read
Aug 29, 2026
KHAN SIR
खान सर (इमेज सोर्स: ANI)

Khan Sir controversy: प्रसिद्ध शिक्षक और यूट्यूबर फैसल खान उर्फ खान सर एक बार फिर विवादों में घिरते दिख रहे हैं। पटना के एक कोचिंग सेंटर चलाने वाले निखिल सर ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि खान सर ने उनके कोचिंग इंस्टिट्यूट और सारी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। निखिल सर का दावा है कि 2016-17 में संघर्ष के दिनों में उन्होंने खान सर को अपने इंस्टिट्यूट में पढ़ाने का मौका दिया था, लेकिन खान सर ने कथित तौर पर पूरे कोचिंग इंस्टिट्यूट पर कब्जा करने की साजिश रची। अपनी जान को खतरा बताते हुए, निखिल सर ने पटना के सुल्तानगंज पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और इस मामले में नार्को-एनालिसिस टेस्ट की मांग की है।

कोचिंग सेंटर बनने के बाद खान सर ने कर लिया कब्जा : निखिल सर

न्यूज एजेंसी IANS से ​​बात करते हुए निखिल सर ने दावा किया कि वह 2012-13 से कोचिंग सेंटर चला रहे थे और खान सर 2016-17 के आसपास उनके साथ जुड़े। उन्होंने बताया कि उस समय खान सर कई विवादों में घिरे हुए थे, जिसके कारण उन्होंने खान सर को अपने इंस्टिट्यूट में शामिल किया। इसके बाद कोचिंग सेंटर्स का विस्तार किया गया, पहले भिखना पहाड़ी में और बाद में किसान कोल्ड स्टोरेज में।

निखिल सर के अनुसार, उन्होंने कोचिंग का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार के लिए लोन लिया था। उनके पास 2018 तक के खान सर के हस्ताक्षर वाली रसीदें और पांच साल का एग्रीमेंट मौजूद है। हालांकि, कोचिंग सेंटर स्थापित होने के बाद कथित तौर पर खान सर ने इंस्टिट्यूट पर कब्जा कर लिया।

डायरेक्टर बनने की भूल की, उसी का नतीजा भुगत रहा : निखिल सर

निखिल सर ने बताया कि खान सर ने उन्हें खुद पढ़ाने के बजाय केवल मैनेजमेंट और डायरेक्शन संभालने की सलाह दी थी। उन्हें लगा कि पर्दे के पीछे रहकर काम करने से इंस्टिट्यूट को बढ़ने में मदद मिलेगी, लेकिन यह एक बड़ी गलती साबित हुई। उन्होंने कहा कि आमतौर पर एक्टर लाइमलाइट में रहता है और डायरेक्टर बैकग्राउंड में, लेकिन इसी गलती की वजह से उन्हें अपना पूरा इंस्टिट्यूट गंवाना पड़ा।

नार्को टेस्ट की मांग

निखिल सर ने कहा कि हाल ही में एक युवती द्वारा उनका नाम लिए जाने के बाद उन्हें स्थिति स्पष्ट करने के लिए सामने आना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनकी जान को खतरा है। इस संबंध में, उन्होंने सुल्तानगंज पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने, तथ्यों की पुष्टि करने और सच्चाई सामने लाने के लिए संबंधित पक्षों का नार्को टेस्ट कराने का आग्रह किया है।

Updated on:
29 Aug 2026 09:25 pm
Published on:
29 Aug 2026 09:25 pm