राष्ट्रीय

इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस,खरगे बोले- हमारा प्रदर्शन सफल रहा, CEC का मुद्दा गंभीर

खरगे और राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सीईसी ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान।
2 min read
• •
Oct 13, 2026
Mallikarjun Kharge news
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे फोटो-ANI)

INDIA Bloc Press Conference: दिल्ली में SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष का विरोध प्रदर्शन सफल रहा और सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा होने तक विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

इंडिया गठबंधन के प्रमुख नेताओं की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और विशेष मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को पूरी तरह सफल बताया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक जरूरी कदम बताया।

खरगे बोले: विपक्ष का प्रदर्शन सफल रहा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर पर INDIA गठबंधन की 'हाई-टी' मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि, पिछले चार दिनों में INDIA गठबंधन की ओर से जो कार्यक्रम आयोजित किए गए, उन्हें राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने बहुत गंभीरता से लिया और उनमें लोगों की समस्याओं को उठाने पर ध्यान दिया गया। आपने देखा होगा कि ये कार्यक्रम कितने सफल रहे।

शायद दिल्ली में पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में लोग एक साथ नहीं आए। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में युवा, साथी और हर वर्ग के लोग अपनी मर्जी से एक साथ आए हैं। आपने खुद यह देखा है, इसलिए मैं और कुछ नहीं कहना चाहता। अब हर कोई मोदी के 'वोट चोरी' के प्लान का पर्दाफाश करने के लिए तैयार है।

राहुल गांधी बोले: जवाबदेही तय होने तक लड़ेंगे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि, कल का विरोध प्रदर्शन सिर्फ राजनीतिक पार्टियों का नहीं, बल्कि भारत के लोगों की आवाज थी। हम उन नागरिकों का शुक्रिया अदा करते हैं जो हमारे साथ खड़े रहे। हम सब मिलकर लोकतंत्र को बहाल करने और जवाबदेही तय करने के लिए लड़ेंगे।

कैंपेन जारी रहने का ऐलान

सीपीआइ जनरल सेक्रेटरी डी राजा ने कहा कि, INDIA ब्लॉक के सीनियर नेताओं के साथ मीटिंग की, जहां हमने देश के मौजूदा हालात और चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले कैंपेन को आगे बढ़ाने के तरीके पर चर्चा की।
सरकार ने अब जंतर-मंतर को डीनोटिफाई कर दिया है। हम इस फैसले की कड़ी निंदा करते हैं। जंतर-मंतर एक ऐसी जगह बनी रहनी चाहिए जहां लोग प्रोटेस्ट कर सकें।

TMC नेता सागरिका घोष ने कहा कि, ज्ञानेश कुमार की अगुवाई वाला चुनाव आयोग भारत में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को खत्म कर रहा है, जब तक उन्हें CEC के पद से हटाया नहीं जाता, हम नहीं रुकेंगे।

Updated on:
13 Oct 2026 06:26 pm
Published on:
13 Oct 2026 05:56 pm