
Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे पूरी पीढ़ी को डराने और उसकी आवाज दबाने की कोशिश बताया। साथ ही पूर्व सीएम ने लोगों से देश के लोकतंत्र और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
एक्स पर पोस्ट करते हुए पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए कई पीढ़ियों ने संघर्ष किया है और इस लड़ाई को आगे भी जारी रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमने और हमसे पहले की कई पीढ़ियों ने अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष किया है। हमें यह लड़ाई जारी रखनी होगी।
सीजेपी नेताओं की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि आशुतोष और सौरव की गिरफ्तारी अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह समय सभी लोगों के एकजुट होकर देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए खड़े होने का है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों को अपने संवैधानिक अधिकारों के सामने कभी भी समर्पण नहीं करना चाहिए।
पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि देश के कई हिस्सों में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में इस समय 14 हजार लोग पुलिस और राजनीतिक अत्याचारों का सामना कर रहे हैं।
TMC प्रमुख ने कहा कि जो सरकार 'जनता की, जनता के द्वारा और जनता के लिए' के सिद्धांत को भूल गई है, उसका अंत अब करीब है। ममता ने कहा कि देश के लाखों युवाओं से मैं कहना चाहती हूं कि आपकी दीदी आज भी आपके साथ है और हमेशा रहेगी। आइए, हम सब मिलकर खड़े हों और अपनी मातृभूमि भारत को बचाएं।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शनों को लेकर लगाए गए प्रतिबंधों के मुद्दे पर BJP पर निशाना साधा। उन्होंने BJP पर सत्तावादी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार से सवाल पूछने वालों को जेल भेजा जा रहा है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।