
Surat Crime News: सूरत के लिंबायत इलाके में संपत्ति और दुकानों के किराए को लेकर चल रहे विवाद में बड़े बेटे ने अपनी मां और छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई छोटे भाई की पत्नी के हाथ पर भी चाकू से हमला किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला तेलुगु परिवार सूरत में रहता है। मृतका मलेश्वरीबेन सुदर्शन गोडुंरु के तीन बेटे श्रीनिवास, रमेश और राजू हैं। मलेश्वरीबेन अपने सबसे छोटे बेटे राजू के साथ रहती थीं।
उनके नाम पर तीन दुकानें हैं, जिनसे हर महीने करीब 60 हजार रुपए किराया मिलता है। मां यह किराया छोटे बेटे राजू को देती थीं। इस बात को लेकर बड़ा बेटा श्रीनिवास नाराज था। वह संपत्ति और किराए की रकम तीनों भाइयों में बराबर बांटने की मांग कर रहा था। मां ने कुछ समय पहले साफ कह दिया था कि उनके जीवित रहते संपत्ति और किराए का बंटवारा नहीं होगा। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
रविवार को श्रीनिवास सहजानंद सोसायटी स्थित घर पहुंचा। वहां संपत्ति को लेकर फिर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू निकालकर छोटे भाई राजू और मां मलेश्वरीबेन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई। इस दौरान राजू की पत्नी ममता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो श्रीनिवास ने उसके हाथ पर भी चाकू से हमला कर दिया। घायल ममता ने बताया कि उसके जेठ ने पहले सास और पति पर हमला किया और फिर उसे मारने के लिए आगे बढ़ा। उसने बताया कि परिवार में पहले भी संपत्ति को लेकर झगड़े होते रहे थे। उसके अनुसार पहले भी परिवार के सदस्यों ने उसकी सास को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी।
एक रिश्तेदार ने बताया कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार बड़े और दूसरे नंबर के बेटे नशा करते थे और जुआ भी खेलते थे। करीब चार साल पहले जुए में 8 से 10 लाख रुपए का कर्ज हो गया था, जिसे मां ने चुकाया था। इसके बाद पिछले दो साल से संपत्ति अपने नाम कराने को लेकर विवाद चल रहा था।
दोहरी हत्या की सूचना मिलने पर लिंबायत पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। डीसीपी कानन देसाई ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।