राष्ट्रीय

Maharashtra Politics: मनोज जरांगे की ऑडियो क्लिप से महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल, शिवसेना सांसद ने भाजपा पर साधा निशाना

Manoj Jarange: मनोज जरांगे की ओर से सुनाई गई ऑडियो क्लिप में 500 करोड़ रुपए और सांसद श्रीकांत शिंदे का जिक्र होने से महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने क्लिप की सत्यता की जांच साइबर सेल से कराने और मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है।
2 min read
• •
Updated: 22 Oct 2026, 5:29 PM IST
manoj jarange
मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे। फाइल फोटो- पत्रिका

Eknath Shinde: मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे की ओर से सुनाई गई ऑडियो क्लिप ने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी है। क्लिप में भाजपा से 500 करोड़ रुपए लेकर सांसद श्रीकांत शिंदे के जरिए जरांगे तक पहुंचाने की बात कही गई है। हालांकि इस क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं हुई है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) सांसद नरेश म्हस्के ने मामले की जांच साइबर सेल से कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे पता चलेगा कि जरांगे और शिवसेना के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश कौन कर रहा है। मनोज जरांगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऑडियो क्लिप सुनाई और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा भाजपा पर निशाना साधा। क्लिप सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है।

साइबर सेल से जांच कराने की मांग

शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि ऑडियो क्लिप की सत्यता की जांच जरूरी है। जरांगे को यह क्लिप पुलिस और साइबर सेल को सौंपनी चाहिए, ताकि इसकी वास्तविकता सामने आ सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री के पास भी शिकायत की जाएगी। म्हस्के ने जरांगे को सलाह दी कि वे बिना वजह उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना न साधें। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए, ताकि पता चल सके कि इसके पीछे कौन है।

भाजपा प्रवक्ता और विधायक की आवाज होने का दावा

म्हस्के ने ऑडियो क्लिप में सुनाई देने वाली आवाजों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि क्लिप में भाजपा प्रवक्ता श्वेता शालिनी, निधि कामदार और विधायक अतुल भातखलकर जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि आवाजें उन्हीं लोगों की हैं या नहीं और क्लिप असली है या नहीं। म्हस्के ने कहा कि यदि क्लिप सही पाई जाती है और सहयोगी दल के नेता शिवसेना के नेताओं के बारे में इस तरह की बातें कर रहे हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कार्रवाई करनी चाहिए।

भाजपा ने भी उठाए सवाल

महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने कहा कि इस ऑडियो क्लिप को लेकर भाजपा को स्पष्टीकरण देना चाहिए। वहीं भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि क्लिप की सत्यता की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यह एआई की मदद से तैयार की गई क्लिप भी हो सकती है। जरांगे की ओर से सुनाई गई क्लिप में महिलाओं के बीच बातचीत होने का दावा किया गया है। इसमें एक महिला कथित तौर पर कहती है कि जरांगे पाटील तक पहले ही 500 करोड़ रुपए पहुंच चुके हैं और यह रकम श्रीकांत शिंदे के जरिए दी गई है। क्लिप में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान जरांगे की भूमिका और उनके भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को निशाना बनाने का भी जिक्र है। हालांकि इस बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है।

Updated on:
22 Oct 2026, 5:29 PM IST
Published on: