राष्ट्रीय

नागालैंड में कई जगहों पर लैंडस्लाइड से मची तबाही; 8 लोगों की मौत, 12 घायल; रेस्क्यू में जुटी NDRF और सेना

Nagaland landslide: नागालैंड के मोन जिले में लगातार भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। हादसों में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। SDRF, NDRF, पुलिस और असम राइफल्स की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
2 min read
Jul 19, 2026
nagaland landslide
नागालैंड में लैंडस्लाइड से मची तबाही (फ़ोटो- X@SPhangnon)

Nagaland Landslide: नागालैंड के मोन जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रविवार को कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

प्रभावित इलाकों में SDRF, NDRF, पुलिस, असम राइफल्स और स्थानीय लोग मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। कई इलाकों में अभी भी तलाशी अभियान जारी है। मोन जिले के डिप्टी कमिश्नर वेन्नी कोन्याक ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि राहत और बचाव दलों ने अब तक मलबे से चार शव बरामद किए हैं, जबकि चार अन्य शवों को निकालने की कोशिशें जारी हैं।

मोन टाउन और तिजित सबसे ज्यादा प्रभावित

घटना की जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर वेनी कोन्याक ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे अचानक भारी और लगातार बारिश शुरू हो गई। इस मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ियों से मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर खिसककर रिहायशी इलाकों में आ गिरे। सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच जिले में कई जगहों पर भूस्खलन की खबरें आने लगीं। मोन टाउन और तिजित सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हैं, जहां कई घर मलबे की चपेट में आ गए हैं।

तीन महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य के लिए टीमें भेजीं। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, मलबे से अब तक बरामद चार शवों में तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना में घायल हुए 12 अन्य लोगों को बचाकर तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रेस्क्यू में जुटी SDRF, NDRF और असम राइफल्स

पहाड़ी इलाका होने और लगातार बारिश के बावजूद राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सर्च ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), लोकल पुलिस, असम राइफल्स के जवान, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) की टीमें और स्थानीय लोग मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं।

प्रशासन ने प्रभावित इलाकों के लोगों से अपील की है कि वे खतरनाक पहाड़ी ढलानों और कमज़ोर घरों को छोड़कर सुरक्षित जगहों पर चले जाएं, क्योंकि मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Updated on:
19 Jul 2026 05:47 pm
Published on:
19 Jul 2026 05:37 pm