राष्ट्रीय

नेपाल में बाढ़ से अब तक 95 लोगों की मौत, राहुल गांधी ने मोदी सरकार से कर दी बड़ी अपील, नेपाल एम्बेसी का भी आया बयान

Rahul Gandhi: नेपाल में भयानक बाढ़ से 55 लोगों की मौत और करीब 400 लोगों के लापता होने की खबर है। 105 भारतीय भी लापता हैं। राहुल गांधी ने भारत सरकार से उनकी सुरक्षित वापसी के लिए हर संभव प्रयास करने की अपील की है।
3 min read
Aug 26, 2026
Nepal Flood news
नेपाल में भयानक बाढ़(फोटो-IANS)

Nepal Flood News: नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। रासुवा और आसपास के इलाकों में आई अचानक बाढ़ से अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 400 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, लापता लोगों में 105 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत सरकार से नेपाल के साथ मिलकर लापता भारतीयों को तलाशने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की अपील की है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में नेपाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अचानक आई भयानक बाढ़ में भारतीय तीर्थयात्रियों समेत सैकड़ों लोग लापता हो गए हैं। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन परिवारों के साथ भी एकजुटता जताई, जो अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि वह नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास करे और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करे। राहुल गांधी ने कहा कि वह नेपाल के लोगों और इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ खड़े हैं।

नेपाल में 55 लोगों की मौत, सैकड़ों अभी भी लापता

नेपाल के भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ ने रासुवा और आसपास के जिलों में भारी तबाही मचाई है। नेपाल के काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, अब तक 95 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और करीब 400 लोग लापता हैं। खराब मौसम और संचार व्यवस्था बाधित होने के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं।

जानें डिटेल्स


बाढ़ से रासुवा और नुवाकोट जिले के नदी किनारे बसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई बस्तियों के साथ सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। कई इलाकों तक राहत और बचाव दलों की पहुंच भी प्रभावित हुई है। नेपाल टूरिज्म बोर्ड के अनुसार, रासुवा में 384 यात्रियों के संपर्क में नहीं होने की जानकारी है। इनमें 291 विदेशी और 93 नेपाली नागरिक हैं। लापता विदेशी नागरिकों में 105 भारतीय शामिल हैं। इसके अलावा 37 एनआरआई के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।

नेपाल एंबेसी ने जारी किया बयान

भारत में नेपाल के दूतावास ने भी इस प्राकृतिक आपदा को लेकर बयान जारी किया है। दूतावास के मुताबिक, नेपाल में सुबह आई अभूतपूर्व फ्लैश फ्लड से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। कई लोगों के लापता होने की खबर है और घरों, सड़कों, पुलों, जलविद्युत परियोजनाओं तथा अन्य बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है।दूतावास ने बताया कि नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों, आपदा प्रबंधन अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। खोज और बचाव, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और राहत अभियान चलाए जा रहे हैं। दूतावास के मुताबिक, स्थिति अभी भी लगातार बदल रही है और मृतकों, लापता लोगों तथा नुकसान के वास्तविक आंकड़ों की पुष्टि की जा रही है। आपदा के कारणों का भी आकलन किया जा रहा है।

भारत ने मदद का भरोसा दिया

नेपाल में बाढ़ के बाद भारत सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात कर बाढ़ में हुई मौतों पर संवेदना जताई और भारत की ओर से हर संभव मानवीय सहायता देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि भारत राहत और बचाव अभियान में नेपाल के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। भारतीय दूतावास ने नेपाल में प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता और जानकारी के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

Updated on:
26 Aug 2026 09:25 pm
Published on:
26 Aug 2026 07:17 pm