
Nepal Flood Viral Video: नेपाल में बाढ़ से मची तबाही के बीच सामने आ रहे वीडियो लोगों को झकझोर रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक छोटा बच्चा अपनी नन्ही बहन को पीठ पर उठाकर पहाड़ी इलाके के कच्चे रास्ते से गुजरता नजर आ रहा है। बच्चे के चेहरे और शरीर पर चोट और खरोंच के निशान दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो कई यूजर्स ने शेयर किया है। कई पोस्ट में दावा किया गया कि यह नेपाल में आई बाढ़ के बाद का दृश्य है और बच्चा अपनी बहन को संभालते हुए अपने माता-पिता को तलाश रहा है।
वायरल वीडियो में एक छोटा बच्चा अपनी पीठ पर नन्ही बच्ची को उठाए हुए दिखाई देता है। दोनों एक ग्रामीण और पहाड़ी इलाके से गुजरते नजर आते हैं। रास्ते के आसपास हरियाली, खेत और मिट्टी का कच्चा रास्ता दिखाई दे रहा है। बच्चे की उम्र कम नजर आती है, लेकिन वह अपनी छोटी बहन को संभालते हुए लगातार आगे बढ़ता दिखाई देता है। उसके चेहरे पर चोट या खरोंच जैसे निशान भी नजर आते हैं। वीडियो में दोनों बच्चों के आसपास कोई बड़ा व्यक्ति दिखाई नहीं देता। वीडियो का यही दृश्य सोशल मीडिया यूजर्स को सबसे ज्यादा भावुक कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने बच्चों की सलामती को लेकर चिंता जताई। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनके लिए दुआ की और उम्मीद जताई कि दोनों सुरक्षित हों और जल्द अपने परिवार से मिल पाए हों।
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इसमें दिखाई दे रहे भाई-बहन के रिश्ते की तुलना जापानी फिल्म ‘ग्रेव ऑफ द फायरफ्लाइज’ से की। इस फिल्म में भी युद्ध की तबाही के बीच एक भाई अपनी छोटी बहन की देखभाल करता है।
नेपाल में बाढ़और फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया है। इस तरह की प्राकृतिक आपदा के बीच घरों के उजड़ने, लोगों के विस्थापित होने और परिवारों के बिछड़ने की तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं। नेपाल में मौत का आंकड़ा 900 के पार पहुंच गया है और हजारों लोग अभी भी लापता है।