
NSUI Protesters Injured During Delhi Police Action: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान छात्र नेता और पुलिस के बीच हाथापाई करने का वीडियो सामने आए है। NSUI ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस द्वारा मारपीट की गई है, जिसमें कई छात्र घायल हुए है। वहीं बुधवार को प्रदर्शन के दौरान घायल हुए NSUI कार्यकर्ताओं से मिलने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने घायल कार्यकर्ताओं का हाल जाना और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। जाखड़ ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि घायल कार्यकर्ताओं को फिलहाल अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, लेकिन उनकी हालत बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के पैरों में चोटें आई हैं। उनके पेट में लातें मारी गईं और कानों के आसपास भी चोट पहुंचाई गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर प्रदर्शनकारियों को निशाना बना रही है। जाखड़ ने कहा कि एहतियातन हिरासत में लेना अलग बात है, लेकिन NSUI के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
विनोद जाखड़ ने कहा कि NSUI का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित अधिकारियों को निलंबित नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
NSUI अध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पुलिस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अब RSS की विचारधारा के अनुरूप काम कर रही है और उसे इस बात की परवाह नहीं है कि उसके सामने छात्र खड़े हैं, जो अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
जाखड़ ने कहा कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उनके साथ मारपीट करना लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के अधिकार पर सवाल खड़े करता है।