राष्ट्रीय

Neet Paper Leak Protest: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन आज, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

Cockroach Janata Party Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आज पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन। दिल्ली में सुरक्षा, व्यवस्था कड़ी, सोशल मीडिया हैंडल से दी गई कार्यक्रम की जानकारी। पढ़े- पूरी रिपोर्ट।

2 min read
Jun 06, 2026
Cockroach Janta Party
नई दिल्ली में बुधवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरव दास, विजेता दहिया और आशुतोष रांका। (Photo - ANI)

Cockroach Janata Party Protest: देश में परीक्षाओं के दौरान पेपर लीक और गड़बड़ियों के विरोध में शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी हिस्सा लेंगे। इसके लिए वह अमेरिका से भारत आने का ऐलान कर चुके हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह 6 जून को भारत वापस आ रहे हैं और दिल्ली में पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों से लाखों छात्र मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। कॉकरोच जनता पार्टी इस विरोध प्रदर्शन के जरिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेगी।

तत्काल सुनवाई से इनकार

दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उस जनहित याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया, जिसमें 6 जून को दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर निगरानी और भीड़ नियंत्रण उपाय करने के निर्देश देने की मांग की गई थी। यह याचिका एनजीओ सेव इंडिया फाउंडेशन की ओर से दायर की गई थी।

दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। जंतर-मंतर और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल बड़े पैमाने पर भीड़ जुटने या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने जैसी कोई विशेष खुफिया सूचना नहीं मिली है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से प्रदर्शन के लिए अब तक कोई औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई है।

सोशल मीडिया हैंडल पर दी गई जानकारी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'कॉकरोच इज बैक' नाम के हैंडल से साझा किए गए एक वीडियो में सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका आंदोलन की रूपरेखा बताते नजर आए। वीडियो में सौरव दास ने कहा कि पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे।

उन्होंने समर्थकों से भी वहां पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन से सहयोग और प्रदर्शन की अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सौरव दास के अनुसार, आंदोलन से जुड़ी सभी गतिविधियां कानून के दायरे में रहकर की जाएंगी। इसके बाद कार्यकर्ता पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन से जंतर-मंतर की ओर रवाना होंगे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी जाएगी। उनके मुताबिक, आंदोलन का उद्देश्य किसी प्रकार की अव्यवस्था फैलाना नहीं, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करना है।

प्रधानमंत्री से की अपील

वहीं आशुतोष रांका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री जी, आपके शिक्षा मंत्री नाकाबिल हैं। उनके कारण हमारी शिक्षा व्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। इतने पेपर लीक हुए हैं। करोड़ों बच्चे परेशान हैं। कई ने सुसाइड कर लिया है। मोदी जी, प्लीज धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त कीजिए और लोकतंत्र में हमारा विश्वास कायम कीजिए।'

Updated on:
06 Jun 2026 04:33 pm
Published on:
06 Jun 2026 12:17 am