
Amit Shah Punjab Visit: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगत सिंह ने कहा कि बीजेपी पिछले 13 वर्षों से लोगों से वादे कर रही है, लेकिन उन्हें पूरा करने में विफल रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने दावा किया कि बीजेपी पंजाब के हितों के खिलाफ काम कर रही है। साथ ही उन्होंने गुजरात में नशे की समस्या पर नियंत्रण को लेकर भी पार्टी के रिकॉर्ड पर सवाल उठाए। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष सिंह का यह बयान मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में उनके परिवार के जारी विरोध प्रदर्शन के बीच आया है।
हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की थी। परिवार ने मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद देर रात सीबीआई की एक टीम मानसा पहुंची और परिवार के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज की।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगत सिंह ने कहा कि उन्हें परिवार की सीबीआई जांच की मांग से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने बीजेपी की ओर से किए जा रहे वादों और दिए जा रहे आश्वासनों पर सवाल खड़े किए।
परगट सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी पिछले 13 वर्षों से लगातार वादे कर रही है, लेकिन जनता उसके कामकाज और वादों की हकीकत से परिचित है।
इस दौरान परगट सिंह ने नशे के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए गुजरात का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गुजरात में बीजेपी करीब 30 वर्षों से सत्ता में है, इसके बावजूद वहां नशे की समस्या पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात और महाराष्ट्र से दवाओं के रूप में इस्तेमाल होने वाले नशीले पदार्थ पंजाब पहुंच रहे हैं।
परगट सिंह ने बीजेपी पर किसानों और मजदूरों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन वादों का भी जिक्र किया, जिनमें लोगों के बैंक खातों में 15 लाख रुपये जमा कराने और किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही गई थी।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ये वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी होने के बजाय आंदोलन के दौरान 700 किसानों की जान चली गई।