राष्ट्रीय

भारत-सेशेल्स संबंधों को मिलेगी नई मजबूती, PM नरेंद्र मोदी बोले- हिंद महासागर की सुरक्षा हमारी साझा विरासत और जिम्मेदारी

PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स में कहा कि हिंद महासागर भारत और सेशेल्स का साझा घर है। इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है।
2 min read
Jun 28, 2026
pm modi
सेशेल्स दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स: ANI)

India-Seychelles Relations:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेशेल्स दौरे ने भारत और सेशेल्स की दोस्ती को नई मजबूती दी है। दोनों देशों ने कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हिंद महासागर सिर्फ एक समुद्र नहीं, बल्कि भारत और सेशेल्स का साझा घर है। इसकी सुरक्षा, स्थिरता और समृद्धि दोनों देशों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आर्थिक, डिजिटल, स्वास्थ्य, रक्षा और समुद्री सहयोग को आगे बढ़ाने का भी भरोसा दिया।

हिंद महासागर दोनों देशों की साझी विरासत

सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हिंद महासागर ने सदियों से भारत और सेशेल्स के रिश्तों को मजबूत बनाया है। इसी समुद्र ने व्यापार, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महासागर की सुरक्षा और समृद्धि दोनों देशों की प्राथमिकता है। यही सोच भारत के महासागर विजन की नींव है।

पीएम मोदी ने बताया कि इस साल फरवरी में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत यात्रा के दौरान जारी संयुक्त विजन भविष्य की साझेदारी का रोडमैप बना। अब दोनों देश हर क्षेत्र में सहयोग बढ़ा रहे हैं।

यही नहीं बैठक के दौरान कृषि, बाहरी अंतरिक्ष, एक्जिम बैंक और नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल जैसे क्षेत्रों में कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों ने व्यापार और कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी सहमति जताई। पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर में भारत का अनुभव सेशेल्स के साथ साझा किया जाएगा। साथ ही सेशेल्स में यूपीआई लागू करने के लिए भी समझौता हुआ है।

ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन पर भी बोले पीएम मोदी

ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में भी दोनों देश साथ काम करेंगे। ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा, समुद्री विज्ञान, तटीय प्रबंधन और महासागर निगरानी जैसे क्षेत्रों में भारत अपनी विशेषज्ञता साझा करेगा। स्पेस सेक्टर में भी नया एमओयू हुआ है। वहीं रक्षा और समुद्री सुरक्षा को लेकर दोनों देशों ने सहयोग और मजबूत करने पर सहमति जताई।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत-सेशेल्स संबंधों की सबसे बड़ी ताकत दोनों देशों के लोग हैं। योग, भारतीय फिल्मों और सांस्कृतिक जुड़ाव ने इस रिश्ते को और मजबूत बनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले 50 वर्षों में यह साझेदारी नवाचार, सतत विकास और आपसी विश्वास के नए अध्याय लिखेगी।

स्वास्थ्य, रक्षा और युवाओं के विकास पर रहेगा खास फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि भारत सेशेल्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास साझेदारी को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत ने 175 मिलियन डॉलर के विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी। इसके तहत आवास, परिवहन, शिक्षा, खाद्य सुरक्षा, कौशल विकास और रक्षा जैसे क्षेत्रों में काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने प्रोफेशनल और टेक्निकल सेंटर की वर्चुअल ग्राउंड ब्रेकिंग भी की। इससे सेशेल्स के युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दोनों देशों का सहयोग मजबूत होगा। जन-औषधि से जुड़े एमओयू के बाद सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी। मेडिकल स्टाफ की ट्रेनिंग में भी भारत सहयोग करेगा।

Updated on:
28 Jun 2026 03:43 pm
Published on:
28 Jun 2026 03:39 pm