राष्ट्रीय

‘नौकरी और मुआवजा इंसाफ नहीं, दोषियों को सजा मिले’, भारत तिवारी मामले में प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार को घेरा

भारत तिवारी मामले में नौकरी और मुआवजे के ऐलान पर प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार को घेरा। कहा- दोषियों और गोली चलाने का आदेश देने वालों पर कार्रवाई हो।
2 min read
Aug 13, 2026
Prashant Kishor, Bharat Tiwari, Bharat Tiwari Encounter, Bharat Tiwari Encounter Case, Prashant Kishor News, Bihar News, Bihar Government, Bharat Tiwari Family,
जन सुराज चीफ प्रशांत किशोर। (Photo -ANI)

Prashant Kishor Statement Bharat Tiwari Case: भारत तिवारी के एनकाउंटर मामले में बिहार सरकार की तरफ से परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसके बाद जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि परिवार को नौकरी और मुआवजा देना अच्छी बात है लेकिन यह इंसाफ नहीं है। असली न्याय तब होगा, जब गोली चलाने वालों और गोली चलाने का आदेश देने वालों पर कार्रवाई होगी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि किसने गोली चलाई और किसके आदेश पर गोली चलाई गई, इसकी जांच होनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सजा जरूरी है।

नौकरी और कुछ रुपये से बच्चे की जिंदगी की कीमत नहीं लग सकती

प्रशांत किशोर ने कहा कि किसी परिवार को एक सरकारी नौकरी और कुछ रुपये देना उसकी पीड़ा की भरपाई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि भारत तिवारी के परिवार को नौकरी और आर्थिक मदद मिलना उनका अधिकार है। सरकार ने अपनी जिम्मेदारी पूरी की है। लेकिन इसे इंसाफ नहीं कहा जा सकता।

उनके मुताबिक, खुशी तब होगी जब नौकरी और मुआवजे के साथ उन लोगों पर भी कार्रवाई होगी, जिन्होंने गोली चलाई और जिन्होंने गोली चलाने का आदेश दिया।

एक परिवार को दे रहे हैं तो दूसरे परिवारों को भी दें

प्रशांत किशोर ने कहा कि भारत तिवारी के साथ दूसरे लोगों के कथित एनकाउंटर मामलों की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बंटी यादव के परिवार का भी जिक्र किया। न्होंने कहा कि अगर सरकार एक परिवार को नौकरी और मुआवजा दे रही है तो दूसरे मामलों में प्रभावित परिवारों को भी यह मदद मिलनी चाहिए।

प्रशांत किशोर ने कहा कि सरकार बनने के बाद एनकाउंटर के नाम पर हुई कथित हत्याओं के सभी मामलों में न्याय होना चाहिए।

मरने के बाद मुआवजा काफी नहीं

प्रशांत किशोर ने कहा कि परिवार भले चुप हो जाए, लेकिन वह इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि न्यायिक जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जाना चाहिए और उसके आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने नीट की छात्रा, भारत तिवारी और नालंदा में दो पासवान समाज के बच्चों के मामलों का भी जिक्र किया। प्रशांत किशोर ने कहा कि सिर्फ मुआवजा और नौकरी देकर समाज की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा समाज सुरक्षा चाहता है, मरने के बाद मुआवजा काफी नहीं है।

बांकीपुर चुनाव के बाद एनकाउंटर की बातें बंद हुईं

प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बांकीपुर चुनाव के नतीजे का असर दिखाई दे रहा है। उनके मुताबिक, अब जाति के आधार पर गोली मारने या एनकाउंटर करने जैसी बातें बंद हो गई हैं। उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनमें हिम्मत है तो वह फिर से कहकर दिखाएं कि जाति देखकर गोली मारनी चाहिए।

प्रशांत किशोर ने साफ कहा कि भारत तिवारी के परिवार को नौकरी और आर्थिक मदद मिलना न्याय की शुरुआत नहीं है। उनके मुताबिक, न्याय तभी होगा जब घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान हो और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

Updated on:
13 Aug 2026 08:57 pm
Published on:
13 Aug 2026 08:36 pm