MEA India Statement: कुवैत का एयरस्पेस अभी भी बंद है। वहां फंसे हुए हुए भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाने की तैयारी में सरकार जुटी हुई है… खाड़ी देशों से अब तक लगभग 3 लाख लोग इस इलाके से भारत लौट आए हैं।
US-Iran War: विदेश मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच खाड़ी देशों में अलग-अलग घटनाओं में 6 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है।
सरकार के अनुसार, सऊदी अरब, ओमान, इराक और UAE में मौजूद भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके और जिन लोगों की मौत हुई है, उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।
इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए, MEA में एडिशनल सेक्रेटरी (खाड़ी) असीम आर महाजन ने कहा कि अब हालात धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। फ्लाइट्स दोबारा शुरू होने से बड़ी संख्या में लोग वापस भारत लौट रहे हैं। 28 फरवरी से अब तक करीब 3 लाख भारतीय इस क्षेत्र से भारत आ चुके हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूनाइटेड अरब अमीरात (UAE) की एयरलाइंस सुरक्षा और ऑपरेशनल कारणों से सीमित संख्या में नॉन-शेड्यूल्ड (स्पेशल) फ्लाइट्स चला रही हैं। आज UAE के अलग-अलग एयरपोर्ट से भारत के लिए करीब 90 फ्लाइट्स चलने की उम्मीद है।
ओमान और सऊदी अरब से भी भारत के लिए फ्लाइट्स जारी हैं। वहीं, कतर में एयरस्पेस आंशिक रूप से खुल गया है, जिससे कुछ कमर्शियल उड़ानों की अनुमति मिल गई है। कतर एयरवेज आज भारत के लिए करीब 10 स्पेशल फ्लाइट्स चला सकता है।
हालांकि, कुवैत और बहरीन का एयरस्पेस अभी भी बंद है। कुवैत एयरवेज सऊदी अरब के अल कैसुमाह एयरपोर्ट से भारत के लिए विशेष फ्लाइट्स शुरू करने की योजना बना रहा है, जिसकी पहली उड़ान कोच्चि के लिए होगी। इससे फंसे हुए भारतीय यात्रियों को राहत मिलेगी।
वहीं, बहरीन की गल्फ एयर सऊदी अरब के दम्मम (किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट) से भारत के लिए स्पेशल फ्लाइट्स चलाकर यात्रियों की मदद कर रही है।
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष को आज 21 दिन हो चुके हैं। युद्ध ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा… सऊदी अरब की राजधानी रियाद से एक भारतीय नागरिक की मौत की खबर सामने आई है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर इस मौत की पुष्टि की है। दूतावास और भारत सरकार ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
दूतावास की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया गया, ''रियाद में 18 मार्च को हुई हालिया घटनाओं में एक भारतीय नागरिक के दुखद निधन पर भारतीय दूतावास अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। दूतावास मृतक के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। हम इस मामले में हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।''