राष्ट्रीय

Crime News: पंजाब में गुरुद्वारे से लौट रहे ASI की गोली मारकर हत्या, एक महीने पहले भतीजे का भी हुआ था मर्डर

Tarn Taran News: पंजाब के तरनतारन में बाइक सवार हमलावरों ने पुलिस ASI इकबाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। वह गुरुद्वारे में माथा टेककर घर लौट रहे थे। एक महीने पहले उनके भतीजे अजमीत सिंह की भी हत्या हुई थी।
2 min read
Crime News
क्राइम न्यूज प्रतीकात्म फोटो

Punjab ASI Murder: पंजाब के तरनतारन जिले में रविवार को एक पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सरहाली थाना क्षेत्र के नौशहरा पन्नूआ गांव की है। यहां बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने ASI इकबाल सिंह पर अचानक गोलियां चला दीं। वारदात के समय इकबाल सिंह सिविल कपड़ों में थे और गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

मौके पर ही हो गई मौत

जानकारी के मुताबिक, इकबाल सिंह नौशहरा पन्नूआ के निवासी थे और पुलिस विभाग में तैनात थे। रविवार को गांव में रहते हुए वह गुरुद्वारे में दर्शन करने गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। सीने और शरीर के ऊपरी हिस्से में कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

एक महीने पहले भतीजे की भी हुई थी हत्या

इससे पहले 11 सितंबर को ASI के भतीजे अजमीत सिंह की भी बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि, उस मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया था। ASI इकबाल सिंह की हत्या के बाद पुलिस इस घटना को उनके भतीजे अजमीत सिंह की हत्या से जोड़कर भी जांच कर रही है। ऐसे में इकबाल सिंह की हत्या के पीछे किसी पुरानी रंजिश का हाथ होने की आशंका की भी जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल दोनों हत्याओं के बीच संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए। इसके बाद इकबाल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गांव और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और क्या इसका संबंध एक महीने पहले हुई अजमीत सिंह की हत्या से है।

Updated on:
11 Oct 2026 09:08 pm
Published on:
11 Oct 2026 08:58 pm