राष्ट्रीय

Raihan Vadra Photo Controversy: तस्वीरें हटाने के मामले में प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने किया बड़ा खुलासा, कहा- तिरंगे की दो फोटो भी हटाने को भी कहा

Raihan Vadra Photo Exhibition: प्रियंका गांधी वाड्रा के बेटे और फोटोग्राफर रेहान वाड्रा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ से विरोध प्रदर्शनों की कई तस्वीरें हटवा दीं। रॉबर्ट वाड्रा ने भी बेटे का समर्थन करते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
2 min read
• •
Oct 22, 2026
Raihan Vadra Photo Exhibition
प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा (Photo-ANI)

Raihan Vadra Photo Controversy: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी में लगी तस्वीरों को हटाने के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस पर कांग्रेस के नेताओं ने आपत्ति जताई है। इसी बीच रेहान वाड्रा ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने इस बात की भी जानकारी दी कि अधिकारियों ने तस्वीरों को लेकर कब क्या कहा था? अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए रेहान वाड्रा ने कहा कि उन्हें तिरंगे की तस्वीर भी हटाने को लेकर भी कहा।

रेहान वाड्रा ने क्या कहा? 

प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा ने कहा कि दिल्ली के बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी एकल फोटो प्रदर्शनी से बड़ी संख्या में तस्वीरें हटवा दीं। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में दिल्ला में हुए विरोध प्रदर्शनों पर आधारित उनकी प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ (No Idea Is Final) के उद्घाटन से ठीक पहले तस्वीरों को हटाने के लिए कहा गया।

उद्घाटन से 24 घंटे पहले अधिकारी ने किया संपर्क- रेहान

रेहान वाड्रा ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्घाटन शाम को 7 बजे होना था। लेकिन इससे 24 घंटे पहले बीकानेर हाउस प्रबंधन ने उनसे संपर्क किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि कुछ तस्वीरें आपत्तिजनक हो सकती हैं या संस्थान की नीति के खिलाफ हो सकती हैं। रेहान ने इन आशंकाओं पर चर्चा करने की इच्छा जताई और संबंधित अधिकारियों से आपत्तियों को लिखित रूप में बताने का अनुरोध किया।

105 में से 70 तस्वीरें हटाने को कहा गया

रेहान वाड्रा ने कहा कि दोपहर करीब 12:30 बजे डिप्टी रेजिडेंट कमिश्नर का फोन आया। इसमें उन्हें प्रदर्शनी में लगी 105 तस्वीरों में से 70 हटाने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने कथित तौर पर तस्वीरों को संस्थान की नीति के विपरीत बताया।

रेहान ने आगे कहा कि वह पहले ही स्पष्ट राजनीतिक नारे वाली तस्वीरों को हटाने के लिए अलग कर चुके थे। हालांकि, अधिकारियों का कहना था कि दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शनों का संदर्भ ही तस्वीरों को राजनीतिक बनाता है, इसलिए उन्हें प्रदर्शनी से हटाना होगा।

उन्होंने बताया कि कुछ तस्वीरें हटाने के बाद भी अधिकारियों ने प्रदर्शनी की व्यवस्था पर आपत्ति जताई और ईमेल के जरिए कुछ अन्य तस्वीरें हटाने को कहा।

तिरंगे की तस्वीर हटाने पर भी जताई आपत्ति

रेहान ने अधिकारियों पर तिरंगे की दो तस्वीरें हटाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने बाद में भारतीय तिरंगे की दो तस्वीरें भी हटाने के लिए कहा। उन्होंने इस मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें संस्थान की ऐसी किसी नीति की जानकारी नहीं है, जिसके तहत भारतीय ध्वज की तस्वीरें हटाना जरूरी हो।

उन्होंने अधिकारियों से इस मांग को लिखित रूप में देने के लिए कहा, लेकिन उनके अनुसार ऐसा कोई लिखित निर्देश नहीं दिया गया। रेहान वाड्रा ने दावा किया कि बाद में अधिकारियों ने स्वयं एक तस्वीर हटा दी। रेहान ने कहा कि इस घटना का वीडियो भी उनके पास है।

रॉबर्ट वाड्रा ने बेटे के काम की सराहना की

रॉबर्ट वाड्रा ने अपने बेटे का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें रेहान पर गर्व है, क्योंकि वह अपने आसपास हो रही घटनाओं और प्रासंगिक विषयों पर मेहनत से काम करता है।

रॉबर्ट वाड्रा के अनुसार, रेहान ने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान अपने कैमरे से छात्रों और प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें खींची थीं। इसके बाद उसने इन तस्वीरों के जरिए एक प्रदर्शनी आयोजित करने का फैसला किया।

उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनी से करीब एक सप्ताह पहले रेहान ने बीकानेर हाउस के अधिकारियों को तस्वीरों की पीडीएफ फाइल भेज दी थी, लेकिन उस समय सामग्री को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई गई।

Updated on:
22 Oct 2026 01:03 pm
Published on:
22 Oct 2026 12:38 pm