राष्ट्रीय

IPL 2026 Final: ‘बेंगलुरु के साथ अन्याय हुआ है’, RCB के आईपीएल जीतने के बाद डीके शिवकुमार ने ऐसा क्यों कहा

DK Shivakumar RCB Final Venue: RCB की लगातार दूसरी IPL खिताबी जीत के बाद कर्नाटक में सियासत तेज हो गई है। डीके शिवकुमार ने दावा किया कि राजनीतिक कारणों से बेंगलुरु को फाइनल की मेजबानी से वंचित किया गया।
2 min read
Jun 01, 2026
RCB IPL Title 2026
DK Shivakumar ने IPL फाइनल की जगह को लेकर उठाए सवाल (Photo-IANS)

IPL 2026 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 (IPL 2026) का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही RCB ने लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की है। इस जीत के बाद कर्नाटक में फाइनल मुकाबले के आयोजन को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि बेंगलुरु के साथ अन्याय हुआ है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का कहना है कि आईपीएल का फाइनल बेंगलुरु में आयोजित होना चाहिए था, लेकिन राजनीतिक कारणों से इस मैच को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया। 

क्या बोले डीके शिवकुमार? 

बेंगलुरु में जीत का जश्न मनाने वाले प्रशंसकों के बीच शिवकुमार ने कहा कि RCB का मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था। हमारे साथ अन्याय हुआ है। राजनीति के कारण फाइनल दूसरे स्थान पर आयोजित किया गया। मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।

बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर टीम को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि RCB ने लगातार दूसरा IPL खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और करोड़ों प्रशंसकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।

सिद्धारमैया ने भी दी बधाई

वहीं सिद्धारमैया ने भी RCB को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने बेखौफ क्रिकेट खेली और विरोधी टीमों के पास उसका कोई जवाब नहीं था। उन्होंने इस जीत को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि इससे देशभर में RCB समर्थकों के बीच उत्सव का माहौल बन गया है।

इस बीच, राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन ने प्रशंसकों से जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाने की अपील की है। सिद्धारमैया ने कहा कि पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देश लोगों की सुरक्षा के लिए हैं, इसलिए उनका पालन किया जाना चाहिए।

सार्वजनिक जगहों पर जश्न मनाने से बचने की दी सलाह

उधर, बेंगलुरु पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों और सड़कों पर जश्न मनाने से बचने की सलाह दी है। शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक समारोहों की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशंसक यदि जश्न मनाना चाहते हैं तो घरों या निजी स्थानों पर मनाएं।

RCB ने गुजरात को 5 विकेट से हराया

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में विराट कोहली की तेज अर्धशतकीय पारी की बदौलत RCB ने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराया और लगातार दूसरी ट्रॉफी जीत ली।

Updated on:
01 Jun 2026 07:44 am
Published on:
01 Jun 2026 07:44 am