
Sam Pitroda Statement: इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और यूट्यूबर ध्रुव राठी के कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह फैसला संबंधित लोगों और कांग्रेस पार्टी को करना है। हालांकि, उन्होंने समाज में ऐसे स्वतंत्र लोगों की जरूरत पर जोर दिया, जो किसी राजनीतिक दल की सत्ता की परवाह किए बिना अपने मुद्दों के लिए आवाज उठाते हैं।
IANS से बात करते हुए सैम पित्रोदा ने कहा कि समाज में ऐसे युवा स्वतंत्र लोगों का होना जरूरी है, जो किसी मुद्दे को उठाएं और उसके समाधान के लिए लगातार काम करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे लोगों को इस बात से फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि सत्ता में कौन-सी राजनीतिक पार्टी है।
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई युवा मिड-डे मील योजना में सुधार का जिम्मा उठाता है और उसे बेहतर बनाने के लिए काम करता है, तो इसमें तीन साल भी लग सकते हैं। लेकिन यह समाज के लिए बड़ा योगदान होगा।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के प्रयासों से यह सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है कि बच्चों के भोजन में कीड़े जैसी समस्याएं न हों। पित्रोदा के मुताबिक, समाज में स्वतंत्र रूप से काम करने वाले ऐसे लोगों की भूमिका अहम है, जो किसी राजनीतिक दल से जुड़ाव के बजाय जनहित के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हैं।
पित्रोदा के बयान का मुख्य जोर इस बात पर रहा कि सामाजिक मुद्दों को उठाने और उनका समाधान करने के लिए जरूरी नहीं कि कोई व्यक्ति राजनीतिक दल में शामिल हो। युवा और स्वतंत्र लोग भी अपने प्रयासों से समाज में बदलाव ला सकते हैं।
कांग्रेस में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने फैसला संबंधित लोगों और पार्टी पर छोड़ते हुए स्वतंत्र रूप से जनहित के मुद्दों पर काम करने की अहमियत बताई।