
Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजद सांसद सुधाकर सिंह ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के बांकीपुर से चुनाव लड़ने के फैसले की आलोचना की है। उन्होंने प्रशांत किशोर को वोट कटवा और भाजपा की बी टीम बताया है। बांकीपुर सीट के लिए उपचुनाव 30 जुलाई को होगा और नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
सुधाकर सिंह ने कहा, "मुझे इस बात पर हैरानी है। हम (RJD) पारंपरिक रूप से बांकीपुर सीट पर चुनाव लड़ते रहे हैं और पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे हैं। अब प्रशांत किशोर जैसे लोग बीच में टांग अड़ाने के लिए चले आए हैं। जिस पार्टी की पूरे बिहार में जमानत जब्त हो गई हो, उस पार्टी का आदमी टांग अड़ाने के लिए चला आया।"
गौरतलब हो कि भाजपा ने पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को उनके नाम को मंजूरी देते हुए इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी। भाजपा ने संगठन से जुड़े और सक्रिय कार्यकर्ता अभिषेक कुमार पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है। अभिषेक भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह पूर्व पटना महानगर भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के अध्यक्ष रहे। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही भाजपा ने चुनाव प्रचार को भी तेज कर दिया है।
इससे पहले जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर और राजद ने रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियों के बीच टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव में त्रिकोणात्मक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बिहार की 182 बांकीपुर विधानसभा सीट महत्वपूर्ण शहरी सीटों में शामिल मानी जाती है और लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में इस सीट पर होने वाला उपचुनाव राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद खाली हुई है।