
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर
Bankipur byelection : पटना के बांकीपुर सीट पर उपचुनाव होना है। इसे लेकर सियासी सरगर्मिया तेज हो गई है। बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई है। पीके के चुनाव लड़ने का टीएमसी सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने स्वागत किया है।
बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार की राजनीति की आगामी दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है। यदि भाजपा यह सीट बरकरार रखती है, तो इसे उसके मजबूत संगठन और जनाधार की जीत माना जाएगा। वहीं, अगर प्रशांत किशोर जीत दर्ज करते हैं, तो इसे उनकी राजनीति की बड़ी सफलता और विपक्ष के लिए महत्वपूर्ण बढ़त के रूप में देखा जाएगा।
शत्रुघ्न सिन्हा ने एक्स पर लिखा कि बिहार की राजनीति में 'बड़ा धमाका' हुआ है। उन्होंने प्रशांत किशोर को सबसे योग्य, दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन के नेता और हर दृष्टि से सबसे अधिक लोकप्रिय, प्रशंसित एवं चर्चित व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके चुनावी राजनीति में उतरने से न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश की राजनीति और आम जनता के बीच नई हलचल पैदा हो गई है।
उन्होंने आगे लिखा कि 'बिहारी बाबू' होने के नाते उन्हें यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता सभी की एकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करेगी। अपने संदेश का समापन उन्होंने "जय बिहार, जय हिंद" के साथ किया।
राष्ट्रीय जनता दल ने बांकीपुर सीट से रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। राजद द्वारा प्रत्याशी उतारे जाने के बाद यहां मुकाबला दिलचस्प होता दिख रहा है। दरअसल, कुछ दिनों पहले यह चर्चा चली थी कि बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रशांत किशोर से बातचीत की है। वहीं, पीके बिहार में विपक्षी दलों से साझा उम्मीदवार उतारने की अपील भी की थी।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा और एनडीए का मजबूत गढ़ रहा है। सड़कों, पार्कों, चार-लेन मार्गों और मेट्रो जैसी परियोजनाओं के माध्यम से व्यापक विकास हुआ है और जनता विकास के आधार पर फिर से एनडीए का समर्थन करेगी।
पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है, लेकिन संगठन स्तर पर चुनावी गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। चुनावी रणनीति को धार देने के लिए कई वरिष्ठ विधायकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बूथ से लेकर प्रखंड स्तर तक मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी रविवार को नीतीश कुमार से मुलाकात कर चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर के चुनावी दावों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ जनता का पूरा समर्थन है और इस बार जीत का अंतर पहले से भी अधिक होगा। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर चुके हैं और मतदाताओं के बीच लगातार संपर्क कर रहे हैं। राजीव रंजन ने दावा किया कि इस चुनाव में मतदाताओं के सामने कोई वास्तविक विकल्प नहीं है।
Updated on:
07 Jul 2026 01:49 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:49 pm
